जयपुर
राजस्थान में पंचायत चुनाव चल रहे हैं. सरपंच चुनाव में कई गांव से रोचक कहानियां सामने आ रही हैं. इसी बीच, सोशल मीडिया पर एक ऐसे गांव की भी चर्चा हो रही है, जहां एक वार्ड में किसी ने चुनाव ही नहीं लड़ा. चुनाव ना लड़ने के पीछे की वजह है यहां का इतिहास. दरअसल, कहा जा रहा है कि गांव में इस वार्ड से जो वार्ड पंच बनता है तो उसकी व्यक्तिगत जिंदगी में कुछ परेशानी आ जाती है. इसके बाद यहां कोई चुनाव लड़ने की कोशिश ही नहीं कर रहा. यहां तक कि कुछ वार्ड पंच की मौत भी हो गई, जिसकी वजह से इस बार किसी ने चुनाव नहीं लड़ा.
ये बात है राजस्थान के डीडवाना के खुनखुना गांव की. कहा जाता है कि यहां के वार्ड नंबर 5 में वार्ड पंच की सीट पर कोई अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाता है. एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 20 वर्षों में इस वार्ड से निर्वाचित हुए चार वार्ड पंचों के घर में असमय मौत हो चुकी है. वहीं पांचवें निर्वाचित वार्ड पंच के वैवाहिक जीवन में कुछ अच्छा नहीं चला, जिसके बाद से लोग वार्ड पंच के लिए चुनाव नहीं लड़ रहे.
पिछले दो दशकों में इस वार्ड से सफी खान कोटवाल, बिलाल खान गरड़ेजी और रसूल खान कोटवाल सहित पांच प्रतिनिधियों ने अलग-अलग समय पर जिम्मेदारी संभाली. कोई भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया. वहीं, नवाब खान कोटवाल भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए और उनके इंतकाल के बाद उपचुनाव में युसुफ खान मरोगी वार्ड पंच बने. फिर उनकी पर्सनल लाइफ ठीक नहीं चली.
जिसने पर्चा भरा, वो भी वापस ले लिया
इस बारे में खुनखुना गांव के सरंपच रहे बाबू खान ने आजतक को बताया कि वार्ड नंबर 5 में पंच की मौत हो गई थी, जिसकी वजह से वहां लोग चुनाव नहीं लड़े. वहीं गांव के एक और निवासी ने बताया कि ऐसा भी कोई शापित जैसा नहीं है, इसे काफी बढ़ाचढ़ाकर बताया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पिछली बार महिला सीट थी और उनके ससुर की डेथ हो गई थी. इसे वार्ड पंच की डेथ कहना ठीक नहीं है.
साथ ही उन्होंने बताया कि इस बार एक लड़के ने चुनाव के लिए पर्चा भरा था, लेकिन उसने भी बाद में मना कर दिया. बताया जा रहा है कि उसके घर वालों ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया और फिर वो भी चुनाव में खड़ा नहीं हुआ.
















