,

मुंह के कैंसर से बचाव और बेहतर इलाज के लिए पॉलिसी बनाई जाएगी

युवा दंत चिकित्सकों से किया संवाद दंत चिकित्सकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जिस प्रकार मानव शरीर और हमारे जीवन में दांतों का महत्व है उसी प्रकार समाज में भी दंत चिकित्सकों का विशेष महत्व है। बच्चों की आयु और विकास का क्रम दांतों…

मुंह के कैंसर से बचाव और बेहतर इलाज के लिए पॉलिसी बनाई जाएगी

युवा दंत चिकित्सकों से किया संवाद
दंत चिकित्सकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जिस प्रकार मानव शरीर और हमारे जीवन में दांतों का महत्व है उसी प्रकार समाज में भी दंत चिकित्सकों का विशेष महत्व है। बच्चों की आयु और विकास का क्रम दांतों के आने से ही निर्धारित होता है और दांत ही व्यक्ति की सुंदरता को बढ़ाते घटाते है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में इसी सत्र में एक और शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय आरंभ करने की घोषणा की। इसके साथ ही मुंह के कैंसर की रोकथाम और बेहतर इलाज के लिए सुझाव आमंत्रित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश राज्य दन्त परिषद को ओरल हेल्थ पॉलिसी पर ड्राफ्ट प्रस्तुत करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलजों की संख्या बढ़ाई जा रही है, दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज शुरू करने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीएससी परीक्षा में चयनित होकर शासकीय सेवा में आए दंत चिकित्सकों को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश राज्य दंत परिषद के हीरक जयंती समारोह और युवा दंत चिकित्सक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर दंत चिकित्सकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया।

एक वर्ष 9 शासकीय मेडिकल कॉलेज आरंभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार समान रूप से सभी क्षेत्रों में विकास पर बल दे रही है। मध्यप्रदेश सरकार ने शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को वर्षों से लंबित पदोन्नति दी। इससे राज्य के लगभग 1 लाख से अधिक शासकीय सेवक लाभान्वित हुए। युवाओं के लिए नई भर्तियां खोलकर 85 हजार पदों पर भर्ती की गई। आगामी दो साल में 2 लाख रिक्त पद भरे जाएंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विशेष रूप से 4 वर्गों पर जोर दिया है। इसी आधार पर राज्य सरकार ने पहले नारी कल्याण, किसान कल्याण और अब युवा वर्ष की शुरुआत करने की योजना बनाई है। वर्ष 2027 युवा वर्ष होगा और दो बार पीएससी परीक्षा कराई जाएगी। राज्य में औद्योगिक विकास के आधार पर भी रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2002-03 तक केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे, इसके बाद वर्ष 2023 तक इनकी संख्या 19 हुई। आज प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। ग्वालियर में 1915 में पहला आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय बना। उसके बाद 1995 तक राज्य में सिर्फ 6 आयुर्वेदिक कॉलेज थे। अब हमारी सरकार ने एक वर्ष में ही 9 शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेजों की शुरुआत की है। मंडला, डिंडौरी, सागर सहित प्रत्येक जिले में शासकीय मेडिकल कॉलेज और आयुर्वेदिक कॉलेज खोले जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देश में अनेक व्यवस्थाएं बदलीं हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत लोकतंत्र, युवा शक्ति और आबादी की दृष्टि से दुनिया का अग्रणी राष्ट्र है। हम अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाएं और समाज को जागरूक करते हुए आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि हमें अपने ज्ञान और जिज्ञासा की पूर्ति के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। राज्य सरकार ने प्रदेश में बेहतर शिक्षा के लिए सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना की है। बच्चों को आने-जाने के लिए स्कूल बस की भी सुविधा मिल रही है। हम बेटियों को भी हर क्षेत्र में विकास के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। भारतीय संस्कृति में नर-नारी समान हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश में अनेक व्यवस्थाएं बदली हैं। अब रेल समय पर आने लगी है, शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सीधे डीबीटी से लाभ दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देशवासियों को जनधन खातों की सौगात दी। डीबीटी लागू होने से हितलाभ वितरण में पारदर्शिता आई है। राज्य सरकार ने उद्योगपतियों को दी जाने वाली सब्सिडी का पूर्ण भुगतान भी डीबीटी से किया है। हमारा लक्ष्य है कि लोगों को उनके हक की रकम सीधे खाते में मिले। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के लिए हर प्रकार से सहायता दे रही है। रोजगार परक उद्योग शुरू करने पर विशेष अनुदान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवा दंत चिकित्सकों से किया संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवा दंत चिकित्सकों से संवाद में कहा कि हमें अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित रखना चाहिए। हम जो भी करें मन से करें, क्योंकि ऐसा करने से कभी काम करने में थकान नहीं होती है। जबकि अनिच्छा से किया गया कार्य थकान देता है। उन्होंने भोजन और जीवन शैली पर विशेष ध्यान देने, अच्छी नींद लेने और योगाभ्यास और ध्यान को भी दिनचर्या में शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जो भी काम करें शत प्रतिशत ऊर्जा के साथ करें। लोगों के साथ खुले दिल से मिलें, झूठ, छल, कपट से दूरी बनाएं। अपने लाभ से इतर समाज को भी कुछ देने की कोशिश करें। इससे सामाजिक तौर पर व्यक्ति का प्रभाव बढ़ेगा। उन्होंने चिकित्सकों से अपने कार्यों में शुद्धता, अपनापन और पारदर्शिता लाने तथा कम खर्च में गरीब-जरूरतमंदों को इलाज उपलब्ध कराने का आहवान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बेटियां सबकी प्रिय होती हैं, लेकिन पिता से बेटियों को विशेष लगाव होता है। बेटियां आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन व्यतीत करें इसके लिए उनकी शिक्षा पर ध्यान देना आवश्यक है।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed