,

MP में निवेश को नई रफ्तार, 25 निवेशकों को मिले आवंटन पत्र; CM यादव ने बताया नया अर्थ

अब एमपी का मतलब, मोर प्रॉफिट, मेगा प्रॉफिट और मेगा प्रोजेक्ट है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने टीएमजेड के 25 निवेशकों को आवंटन पत्र वितरित किए टेलीकॉम क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करेगा ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 450.45 एकड़ से…

MP में निवेश को नई रफ्तार, 25 निवेशकों को मिले आवंटन पत्र; CM यादव ने बताया नया अर्थ

अब एमपी का मतलब, मोर प्रॉफिट, मेगा प्रॉफिट और मेगा प्रोजेक्ट है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने टीएमजेड के 25 निवेशकों को आवंटन पत्र वितरित किए
टेलीकॉम क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करेगा ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड)
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 450.45 एकड़ से अधिक क्षेत्र में किया टीएमजेड ग्वालियर के दूसरे फेज का शुभारंभ
केवल घोषणाएं करने वाला नहीं, बल्कि विकास को तेजी से धरातल पर उतारने वाला राज्य है मध्यप्रदेश
हमने फाइल वर्क से आगे निकलकर फील्ड वर्क पर ध्यान दिया और न्यूनतम समय में अधिकतम परिणाम दिए
केवल 5 महीने में टीएमजेड के पहले फेस के आवंटन पत्र जारी हो रहे हैं
प्रधानमंत्री मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व, देश को तकनीकी आत्मनिर्भरता और औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन टीएमजेड निवेशक सम्मेलन को किया संबोधित

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व, देश को तकनीकी आत्मनिर्भरता और औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहा है। इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में मध्यप्रदेश निरंतर नए औद्योगिक अवसरों के द्वार खोल रहा है। इसी कड़ी में ग्वालियर में 170 एकड़ में देश का पहला इंटीग्रेटेड टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन विकसित किया जा रहा है, जो टेलीकॉम क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को नई मजबूती प्रदान करेगा। वर्तमान में टेलीकॉम केवल संचार का माध्यम नहीं, अर्थव्यवस्था, उद्योग और तकनीकी विकास की मजबूत आधारशिला है। यह ज़ोन टेलीकॉम उपकरणों के डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास, नवाचार, परीक्षण, प्रमाणन और विनिर्माण का एकीकृत केंद्र बनेगा। यहां 5G, 6G, सैटकॉम, ऑप्टिकल फाइबर और IoT जैसी भविष्य की तकनीकों के उत्पादन एवं नवाचार को नई दिशा मिलेगी। ग्वालियर टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन के लिए 25 निवेशकों की रुचि, 15 उत्पाद श्रेणियां और 3,600 करोड़ रूपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव ग्वालियर की औद्योगिक संभावनाओं को रेखांकित करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल में आयोजित "टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन इन्वेस्टर मीट" को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय संचार व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ ग्वालियर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (टीएमजेड) निवेशक सम्मेलन का शुभारंभ किया।

15 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में लगभग 450.45 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के दूसरे चरण का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश केवल घोषणाएं करने वाला राज्य नहीं, बल्कि विकास कार्यों को तीव्र गति से धरातल पर उतारने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। मध्यप्रदेश ने फाइल वर्क से आगे निकलकर फील्ड वर्क पर ध्यान दिया और आज न्यूनतम समय में अधिकतम परिणाम मिल रहे हैं। टीएमजेड की स्थापना के लिए जुलाई 2026 में भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय के साथ एमओयू हुआ था। लेकिन केवल 4 से 5 महीने में टीएमजेड के पहले फेज के लिए आवंटन जारी कर दिया गया और इसके दूसरे फेज के लिए 450.45 एकड़ जमीन देकर इसका भी शुभारंभ किया गया है। इस अवसर पर ग्वालियर इन्वेस्टर मीट में 25 कंपनियों को आशय पत्र वितरित किए गए। इन निवेशों के माध्यम से 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

व्यापार-व्यवसाय में बाधा बन रहे 925 से अधिक अनावश्यक कानूनों को समाप्त किया गया

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने लगभग 2,700 से अधिक अनुपालनों को समाप्त किया है। इसके साथ ही, व्यापार और व्यवसाय की राह में बाधा बन रहे 925 से अधिक अनावश्यक कानूनों को भी समाप्त किया गया है। इसी का परिणाम है कि आज मध्यप्रदेश इतनी तेज गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ने का सामर्थ्य प्राप्त कर सका है। अब एमपी का मतलब, मोर प्रॉफिट, मेगा प्रॉफिट और मेगा प्रोजेक्ट है। आज मध्यप्रदेश की विकास दर 11% से अधिक और औद्योगिक विकास दर 24% से ऊपर पहुंच गई है। निवेशकों के विश्वास और उनके सहयोग से मध्यप्रदेश लगातार तीसरे वर्ष जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

औद्योगिक विकास राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन के बल पर मध्यप्रदेश सरकार तेज गति से विकास को धरातल पर उतार रही है। आगामी 13 दिसंबर को राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं, इन लगभग एक हजार दिनों में से 432 दिन राज्य के औद्योगिक विकास के लिए चर्चा की गई। राज्य के लिए औद्योगिक विकास महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन के स्थापना के बाद ग्वालियर अब केवल संगीत की नगरी नहीं, बल्कि दूरसंचार और तकनीक की नगरी भी है। औद्योगिक विकास के लिए बिजली की आवश्यकता होगी। प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से गांधीसागर के पास पंप्ड हाइड्रो पॉवर परियोजना के पहले टर्बाइन का शुभारंभ किया गया है। इस परियोजना से 2000 मेगावाट बिजली पैदा होगी, जो हमारी भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं की पूर्ति करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार के संकल्प की शक्ति के बलबूते पंप्ड हाइड्रो पॉवर परियोजना का कार्य रिकॉर्ड ढाई साल में पूर्ण हो रहा है। यह देश के लिए ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी सौगात है।

राज्य सरकार के लिए छोटे-बड़े सभी, निवेशक समान हैं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार के लिए छोटे-बड़े सभी, निवेशक समान हैं। राज्य सरकार कृषि से लेकर उद्योग और शिक्षा तथा स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों में गतिविधियां संचालित कर रही है। मंदसौर में एग्रो एंड केमिकल पार्क, रतलाम में बायोफार्मा, धार में टेक्सटाइल पार्क, छिंदवाड़ा में इंडस्ट्रियल बेल्ट, ग्वालियर में टीएमजेड फेज 2 के लिए विशेष योजना बनाई गई है। निवेशकों को सस्ती दरों पर उद्योग स्थापित करने के लिए भूमि, बिजली और पानी दिया जा रहा है। रोजगार परक उद्योग स्थापित करने पर श्रमिकों के लिए 5000 रुपए मासिक सहायता प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार एविएशन सेक्टर को बढ़ाने के लिए मदद दे रही है। मध्यप्रदेश के इंदौर और भोपाल से अबुधाबी और शारजांह के लिए हवाईसेवा शुरू की गई है।

भारत टेलीकॉम सर्विस के सबसे बड़े उपभोक्ता से सर्विस प्रोवाइडर के रूप में आगे बढ़ रहा है – केन्द्रीय मंत्री सिंधिया

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधियाने कहा कि अतिथि देवो भव: मध्यप्रदेश की परंपरा रही है। आज जो निवेशक अतिथि के रूप में पधारे हैं, वे भविष्य में मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाकर यही के निवासी भी बनेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास का नक्शा तैयार हुआ है, संकल्प, निष्ठा के साथ एक क्रांति पैदा हुई है, जिसकी नींव 12 वर्ष पहले प्रधानमंत्री मोदी के नेतृ्त्व में रखी गई थी। दूरसंचार के क्षेत्र में भारत तेज गति से आगे बढ़ा है। वर्ष 2014 से पहले देश में केवल 6 करोड़ ब्रॉडबैंड उपभोक्ता थे। आज इनकी संख्या 16 गुना बढ़कर 102 करोड़ हो चुकी है। इंटरनेट कनेक्शन भी 25 करोड़ से बढ़ते हुए आज 110 करोड़ तक पहुंचे हैं। स्मार्टफोन और इंटरनेट की सुविधा से अब दुनिया के किसी भी कोने में सम्पर्क हर व्यक्ति के लिए सरल हुआ है। देश में 4जी कनेक्टिविटी 99 प्रतिशत गांवों और प्रत्येक जिले तक पहुंच गई है। भारत ने 5जी इंफ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व प्रगति की है। देश में 50 करोड़ उपभोक्ता 5जी इस्तेमाल करते हैं। भारत 6जी इंटरनेट सुविधा के विकास में भी दुनिया का नेतृत्व करेगा। बदलते माहौल में भारत टेलीकॉम सर्विस के सबसे बड़े उपभोक्ता से सर्विस प्रोवाइडर के रूप में आगे बढ़ रहा है।

ग्वालियर में उद्योग-व्यापार की लंबी परंपरा रही है

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि देश में स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एसईजेड) विकसित किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि आज ग्वालियर में भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के सहयोग से टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन आकार ले रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में देश के कई राज्यों से टीएमजेड में निवेशकों के आने का सिलसिला जारी है। ग्वालियर की अपनी संगीत, कला, संस्कृति और प्राचीन विरासत रही है। ग्वालियर में उद्योग-व्यापार की लंबी परंपरा रही है। ग्वालियर देश के मध्य में स्थित होने के कारण बेहतर कनेक्टिविटी रखता है। दिल्ली से ग्वालियर की दूरी भी कम है, एक्सप्रेसवे का निर्माण यात्रा के समय को कम करेगा। ग्वालियर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी है, जहां से टीएमजेड की दूरी मात्र 20 मिनट है।

निवेशक हमारे डेवलपमेंट पार्टनर हैं

मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कहाकि हमारे लिए निवेशक, डेवलपमेंट पार्टनर हैं। हमने 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश बनाने का लक्ष्य रखा है, जिसे केवल निवेशकों के आधार पर प्राप्त नहीं किया जा सकता है, इसके लिए डेवलपमेंट पार्टनर की जरूरत है। मध्यप्रदेश में निवेश करने वाले सभी उद्योगपति विकास यात्रा में हमारे साझेदार हैं। प्रदेश का ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सचिवालय दिसंबर से अपनी पूरी क्षमता के साथ कार्य करने लगेगा। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए एक पोर्टल तैयार किया गया है, जहां सभी आवश्यक क्लियरेंस ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। निवेशकों को किसी भी कार्यालय के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं होगी। निवेशकों को सही समय पर सुविधाएं मिले, यही हमारा लक्ष्य है। राज्य सरकार ने ग्वालियर में युवाओं के स्किल डेवलपमेंट के लिए आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेज के नए कोर्स डिजाइन करने की योजना बनाई है। इन पाठ्यक्रमों का विकास और क्रियान्वयन कंपनियों की जरूरत के अनुसार किया जाएगा।

भारत कई सालों से टेलीकॉम सेवाओं का सबसे बड़ा उपभोक्ता है

केन्द्रीय संचार मंत्रालय के अपर सचिव श्यामल मिश्रा ने कहा किभारत कई सालों से टेलीकॉम सेवाओं का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के आधार पर दूरसंचार विभाग ने टेलीकॉम सेक्टर में शोध, नवाचार, डिजाइन को प्रोत्साहन दिया है। हम भारत को टेलीकॉम सेक्टर में सबसे बड़ा हब बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। भारत सरकार ने ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन के विकास के लिए पहले चरण में 493 करोड़ की सहायता प्रदान की। मध्यप्रदेश की उद्योग मित्र नीतियों के कारण टीएमजेड प्लग एंड प्ले मॉडल के रूप में विकसित होगा, जहां रिसर्च एंड डेवलपमेंट की सभी सुविधाएं होंगी। दूसरे फेस का शुभारंभ भी हो रहा है। टीएमजेड मध्यप्रदेश के युवाओं को रोजगार देगा और टेलीकॉम सेक्टर में ग्लोबल हब के रूप में उभरेगा। अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने कहा कि मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास के लिए तेज गति से आगे बढ़ने में विश्वास रखता है। ग्वालियर टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग ज़ोन का कम समय में आकार लेना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, खेल एवं युवा कल्याण सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप, पूर्व मंत्री एवं विधायक प्रभुराम चौधरी और महापौर श्रीमती मालती राय तथा बड़ी संख्या में निवेशक उपस्थित थे।  

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports