,

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बस्तर के पर्यटन स्थलों और लोक संस्कृति का आकर्षण

अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन की धूम, बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों और लोक संस्कृति ने मोहा दिल्लीवासियों का मन छत्तीसगढ़ पवेलियन में उमड़ा जनसैलाब, प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को मिली नई पहचान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने किया पवेलियन का अवलोकन, पर्यटन विकास और नक्सल मुक्त बस्तर की…

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बस्तर के पर्यटन स्थलों और लोक संस्कृति का आकर्षण

अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन की धूम, बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों और लोक संस्कृति ने मोहा दिल्लीवासियों का मन

छत्तीसगढ़ पवेलियन में उमड़ा जनसैलाब, प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को मिली नई पहचान

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने किया पवेलियन का अवलोकन, पर्यटन विकास और नक्सल मुक्त बस्तर की नई संभावनाओं की सराहना

रायपुर
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की अपार संभावनाएं देशभर के आगंतुकों को आकर्षित कर रही हैं। रविवार के अवकाश के कारण व्यापार मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों के बीच छत्तीसगढ़ पवेलियन विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल पर आगंतुकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों की मनमोहक तस्वीरों, चित्रकोट जलप्रपात के आकर्षक प्रतिरूप, आधुनिक आभासी वास्तविकता तकनीक और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की जीवंत प्रस्तुतियों ने दिल्लीवासियों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विविधता से रूबरू कराया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास को नई दिशा मिल रही है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग द्वारा राज्य के प्रसिद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन की प्रभावशाली उपस्थिति राज्य की पर्यटन संभावनाओं को देशभर के पर्यटकों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।

बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों ने बढ़ाया आगंतुकों का आकर्षण
छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल पर बस्तर अंचल के प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की नई संभावनाओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त हो रहे बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित मनोरम जलप्रपात, पर्वतीय स्थल, ऐतिहासिक धरोहर और जनजातीय संस्कृति के प्रति आगंतुकों ने विशेष रुचि दिखाई।

स्टॉल पर उपस्थित पर्यटन विभाग के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी प्रमिल वर्मा ने आगंतुकों को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नारायणपुर जिले के प्रसिद्ध हांदवाड़ा जलप्रपात, जिसे बाहुबली जलप्रपात के नाम से भी जाना जाता है, की प्राकृतिक भव्यता से लोगों को परिचित कराया। घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित इस जलप्रपात की खूबसूरती ने पर्यटकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

इसी प्रकार दंतेवाड़ा जिले की ऊंची पहाड़ी पर स्थित प्राचीन ढोलकल गणेश प्रतिमा, बीजापुर जिले के नंबी जलप्रपात और कोंडागांव जिले के टाटामारी पर्यटन स्थल की जानकारी प्राप्त करने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग स्टॉल पर पहुंचे। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की अनूठी परंपराओं, जनजातीय आस्था और सांस्कृतिक विशेषताओं के बारे में जानकर आगंतुकों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत की सराहना की।

गिरौदपुरी धाम के विशाल जैतखाम की भव्यता से हुए परिचित
पर्यटन स्टॉल पर छत्तीसगढ़ के धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। विशेष रूप से महान संत बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में स्थित कुतुब मीनार से भी ऊंचे विशाल जैतखाम की भव्यता ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। लोगों ने प्रदेश के धार्मिक पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक मंदिरों और सांस्कृतिक परंपराओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बस्तर प्रवास तथा दीपावली मिलन से जुड़े प्रसंगों की जानकारी भी आगंतुकों को दी गई। बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास के साथ पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं के प्रति लोगों ने उत्साह व्यक्त किया।

चित्रकोट जलप्रपात के प्रतिरूप के सामने सेल्फी लेने की मची होड़
छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के स्टॉल पर विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का आकर्षक प्रतिरूप आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है। भारत के नियाग्रा के नाम से प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की सुंदरता को प्रदर्शित करने वाले इस प्रतिरूप के सामने तस्वीरें खिंचवाने और सेल्फी लेने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया।

पर्यटन विभाग द्वारा स्थापित आधुनिक वीआर जोन में भी आगंतुकों की भारी भीड़ रही। इस तकनीक के माध्यम से लोगों ने एक ही स्थान पर बैठकर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का सजीव अनुभव किया। विशेष उपकरणों के माध्यम से जलप्रपातों, प्राकृतिक दृश्यों और पर्यटन स्थलों का आभासी भ्रमण आगंतुकों के लिए रोमांचक अनुभव रहा। युवाओं और बच्चों ने इस तकनीक में विशेष रुचि दिखाई।

छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और नृत्यों ने बांधा समां
व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे लोक कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। लोकधुनों की मधुरता और कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों का दर्शकों ने आनंद लिया।

इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, जनजातीय जीवनशैली और सांस्कृतिक विविधता की जीवंत झलक देखने को मिली। आगंतुकों ने लोक कलाकारों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और प्रदेश की कला-संस्कृति के प्रति अपनी उत्सुकता व्यक्त की।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports