,

जनता क्वार्टर में बड़ी कार्रवाई: 599 मकान जमींदोज, बुलडोजर की कार्रवाई में सिर्फ एक मकान बचा

भोपाल नगर निगम द्वारा दस साल पहले जर्जर और खतरनाक घोषित किए गए ऐशबाग स्टेडियम स्थित जनता क्वार्टर के भवनों पर आखिरकार सोमवार को प्रशासन का पीला पंजा चल ही गया। वर्षों की जद्दोजहद के बीच सोमवार तड़के तीन बजे ही पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया, जब डीसीपी जोन-एक रश्मि अग्रवाल, एसडीएम…

जनता क्वार्टर में बड़ी कार्रवाई: 599 मकान जमींदोज, बुलडोजर की कार्रवाई में सिर्फ एक मकान बचा

भोपाल

नगर निगम द्वारा दस साल पहले जर्जर और खतरनाक घोषित किए गए ऐशबाग स्टेडियम स्थित जनता क्वार्टर के भवनों पर आखिरकार सोमवार को प्रशासन का पीला पंजा चल ही गया। वर्षों की जद्दोजहद के बीच सोमवार तड़के तीन बजे ही पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया, जब डीसीपी जोन-एक रश्मि अग्रवाल, एसडीएम लखन सिंह चौधरी और अपर आयुक्त वरूण अवस्थी के नेतृत्व में भारी अमला मौके पर पहुंचा।

केवल क्वार्टर नंबर 465 को सुरक्षित छोड़ा

सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने क्षेत्र में पांच बार मार्च पास्ट किया और एक-एक कमरे की बारीकी से जांच कर यह सुनिश्चित किया कि अंदर कोई मौजूद न हो। इसके बाद सुबह ठीक 6:30 बजे 20 बुलडोजर और सात पोकलेन मशीनों ने एक साथ इमारतों को ढहाना शुरू किया। करीब पौने आठ घंटे की लगातार कार्रवाई के बाद दोपहर सवा दो बजे तक पूरा क्षेत्र मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। 600 ईडब्ल्यूएस आवासों में से 599 क्वार्टर गिरा दिए गए, जबकि कोर्ट में याचिका लंबित होने के कारण केवल क्वार्टर नंबर 465 को सुरक्षित छोड़ा गया है।

2018 से लगातार जारी हो रहे थे नोटिस

मई 2016 में जर्जर घोषित होने के बाद 2018 में नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कब्जेदारों ने मकान खाली नहीं किए। अंतिम नोटिस में 13 नवंबर की मोहलत दी गई थी। 14 नवंबर को पुलिस बल नहीं मिलने पर कार्रवाई को टाल दिया था।

ज्ञात हो कि कार्रवाई से एक दिन पहले 13 नवंबर को बेदखली के डर से जनता क्वार्टर में रहने वाली तीन महिलाओं ने जहर खाया था। उसके बाद उन्हें हमीदिया अस्पताल भर्ती कराया गया। उपचार के बाद वह ठीक हुईं।

बैरिकेडिंग कर डायवर्ट रहा ट्रैफिक

कार्रवाई को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने एक दिन पहले रविवार शाम से ही बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया था। इसके चलते कार्रवाई स्थल तक पहुंचने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए थे।

विरोध की आशंका में कांग्रेस नेता नजरबंद

विरोध की आशंका में सोमवार सुबह आठ बजे कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को घर में ही रोककर अशोका गार्डन थाने में बैठाया गया। शुक्ला ने वैकल्पिक आवास दिए बिना घर तोड़ने को गलत बताया।

क्वार्टर नंबर 465 को नहीं तोड़ा

600 क्वार्टर में से सिर्फ नंबर 465 को छोड़ा गया है। आवंटी मोहम्मद हफीज खान ने कम किराए को लेकर कोर्ट में याचिका लगाई है। बोर्ड कलेक्टर गाइडलाइन से करीब 1300 रुपये प्रतिमाह किराया दे रहा है। कलेक्टर से चर्चा कर बुधवार को कोर्ट में जवाब पेश किया जाएगा।

अब बनेंगे 20% बड़े नए फ्लैट

मध्य प्रदेश पुनर्विकास नीति-2022 के तहत यहां जी-प्लस-वन की जगह जी-प्लस-फोर के नए ईडब्ल्यूएस आवास बनेंगे। वैध आवंटियों को पुराने मकान से 20 प्रतिशत बड़े फ्लैट मिलेंगे। साथ ही परिसर में कमर्शियल दुकानें और बच्चों व बुजुर्गों के लिए आधुनिक पार्क भी विकसित किया जाएगा।

    600 : ईडब्ल्यूएस क्वार्टर
    599 : जमींदोज
    01 : आवास को कोर्ट स्टे के कारण छोड़ा
    तड़के 3 बजे : क्षेत्र की पुलिस ने की घेराबंदी
    सुबह 6:30 बजे : शुरू हुई कार्रवाई
    दोपहर 2:15 बजे : तक हुआ ध्वस्तीकरण

कार्रवाई में इतने संसाधनों का हुआ उपयोग

    20 : बुलडोजर
    07 : पोकलेन
    30 : डंपर
    04 : दमकल वाहन और एंबुलेंस
    1000 : पुलिस जवान
    300 : नगर निगम के श्रमिक
    200 : श्रमिक 40 कर्मचारी

आवासों को 2016 में जर्जर घोषित किया गया था, इसलिए इन्हें गिराना बेहद जरूरी था। पुनर्विकास नीति-2022 के तहत यहां जी-प्लस-फोर के नए ईडब्ल्यूएस फ्लैट और दुकानें बनेंगी। वैध आवंटियों को 20 प्रतिशत बड़े आवास मिलेंगे। कोर्ट में याचिका के कारण एक क्वार्टर छोड़कर शेष 599 आवास गिरा दिए गए हैं।- गौतम सिंह, कमिश्नर, हाउसिंग बोर्ड

पिछले 10-12 दिनों से रहवासियों को समझाइश देकर मकान खाली कराए जा रहे थे। सोमवार तड़के तीन बजे से पूरे क्षेत्र की जांच कर यह सुनिश्चित किया गया कि कोई अंदर न रहे। सभी जर्जर भवन सुरक्षित तरीके से गिरा दिए गए हैं, अब हाउसिंग बोर्ड मलबा हटाने का काम करेगा।- लखन सिंह चौधरी, एसडीएम, शहरवृत

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports