,

इंद्री एस्केप ड्रेन पर बनेगा सोलर प्लांट, बिना जमीन अधिग्रहण मिलेगी स्वच्छ बिजली

करनाल अक्सर विकास परियोजनाओं के नाम पर उपजाऊ जमीनों के अधिग्रहण और कंक्रीट के जंगलों की बात सामने आती है, लेकिन करनाल ने इस सोच से परे हटकर एक ऐसी अनूठी और दूरदर्शी इबारत लिखी है जो पूरे राज्य के लिए मिसाल बन सकती है। इन्द्री एस्केप ड्रेन जिसे अब तक केवल जल निकासी या…

इंद्री एस्केप ड्रेन पर बनेगा सोलर प्लांट, बिना जमीन अधिग्रहण मिलेगी स्वच्छ बिजली

करनाल
अक्सर विकास परियोजनाओं के नाम पर उपजाऊ जमीनों के अधिग्रहण और कंक्रीट के जंगलों की बात सामने आती है, लेकिन करनाल ने इस सोच से परे हटकर एक ऐसी अनूठी और दूरदर्शी इबारत लिखी है जो पूरे राज्य के लिए मिसाल बन सकती है।

इन्द्री एस्केप ड्रेन जिसे अब तक केवल जल निकासी या एक खाली भू-भाग के रूप में देखा जाता था, उसकी उस व्यर्थ समझी जाने वाली जगह का ऐसा बेहतरीन और अभिनव सदुपयोग किया जा रहा है, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। अर्बन चैलेंज फंड के तहत यहां 110 करोड़ रुपये की लागत से 20 मेगावाट क्षमता का एक विशाल सोलर एनर्जी प्लांट स्थापित होने जा रहा है।

सबसे बड़ी खूबी यह है कि इस मेगा प्रोजेक्ट के लिए किसानों की एक इंच भी उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण नहीं करना पड़ेगा, बल्कि प्रकृति और तकनीक का तालमेल बिठाते हुए बहते पानी के ऊपर बने आसमान के नीचे सौर ऊर्जा का यह विशाल पहरा करनाल को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और ग्रीन बनाने की ओर एक ऐतिहासिक छलांग लगा रहा है।

सूत्र बताते हैं कि यदि इतने बड़े प्रोजेक्ट जमीन पर लगाया जाता तो कम से कम 80 एकड़ से ज्यादा जमीन की जरूरत पड़ती। यह परियोजना न केवल बिजली उत्पादन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि बिना किसी उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण किए उपलब्ध संसाधनों के कुशल उपयोग का एक बेहतरीन माडल भी पेश करेगी।

क्यों पड़ी इस प्रोजेक्ट की जरूरत?
तेजी से बढ़ते शहरीकरण और औद्योगिक विकास के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर अत्यधिक निर्भरता से न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है, बल्कि बिजली की लागत भी बढ़ती है।

ग्रीन करनाल की परिकल्पना को साकार करने और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ऐसे स्वच्छ विकल्प की सख्त जरूरत थी, जो दीर्घकाल तक शहर को आत्मनिर्भर बना सके। इस प्लांट के शुरू होने से प्रतिवर्ष 28 से 30 मिलियन यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन होगा, जिससे सालाना लगभग 22 हजार टन कार्बन डाइआक्साइड के उत्सर्जन को रोकने में बड़ी मदद मिलेगी।

इंद्री एस्केप ड्रेन ही क्यों चुनी गई
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत इसका स्थान चयन है। गांव मंगलपुर और बुढ़ाखेड़ा के निकट इंद्री एस्केप ड्रेन के लगभग 6800 मीटर (6.8 किलोमीटर) लंबे हिस्से को इसके लिए चुना गया है।

आमतौर पर बड़े सोलर प्लांट लगाने के लिए सैकड़ों एकड़ जमीन की आवश्यकता होती है, जिससे कृषि भूमि प्रभावित होती है। लेकिन यहां ड्रेन के जल निकाय क्षेत्र और खाली पड़े किनारों का वैज्ञानिक व इंजीनियरिंग तरीके से उपयोग किया जा रहा है। इससे न तो किसानों की खेती प्रभावित होगी और न ही जल निकासी व्यवस्था में कोई बाधा आएगी।

आम जनता और शहर को मिलने वाला फायदा समझिये
20 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता सीधे तौर पर शहर के हजारों परिवारों की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है। स्थानीय स्तर पर इतनी बड़ी मात्रा में बिजली बनने से शहर के विद्युत नेटवर्क पर दबाव कम होगा, वोल्टेज में सुधार आएगा और बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलेगी। इसके अलावा, यह प्लांट 30 वर्षों तक अपनी सेवाएं देगा, जिससे दीर्घकाल में बिजली की लागत में भारी बचत होगी।

चार चरणों में ग्रिड तक पहुंचेगी सूरज की रोशनी
1. पीवी मॉड्यूल : सबसे पहले सोलर फोटोवोल्टिक पैनल सूर्य की किरणों को विद्युत ऊर्जा में बदलेंगे।
2. इन्वर्टर: उत्पन्न हुई डायरेक्ट करंट बिजली को ग्रिड के अनुरूप अल्टरनेटिंग करंट में परिवर्तित किया जाएगा।
3. ट्रांसफार्मर : बिजली के वोल्टेज को आवश्यक मानक स्तर तक बढ़ाया जाएगा।
4. ग्रिड कनेक्शन: अंत में इस स्वच्छ बिजली को मुख्य विद्युत नेटवर्क (ग्रिड) में समाहित कर आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाएगा।

प्रशासन ने झोंकी प्रोजेक्ट को तैयार करने में ताकत
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने नगर निगम, सिंचाई विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं

वर्तमान में जीपीएस मशीन की सहायता से स्थल की सटीक निशानदेही का कार्य शुरू किया जा रहा है। साथ ही, सिंचाई और वन विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनडीसी) जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

पैनलों की ऊंचाई, दिशा और संरचनात्मक मजबूती का ऐसा बेहतरीन इंजीनियरिंग डिजाइन तैयार किया जाए, जिससे अधिकतम सूर्य की रोशनी मिल सके और अगले तीन दशकों तक रखरखाव में कोई परेशानी न आए। प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ेगा।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports