,

जनदर्शन में प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से आए नागरिकों के लिए झलकी आत्मीयता

रायपुर नेतृत्व की सार्थकता इस बात में निहित है कि सामान्य जन की पीड़ा को महसूस करना, किसी बुजुर्ग की आंखों में छिपी विवशता को समझना, एक मां की चिंता को अपनी चिंता मानना और संघर्ष कर रही किसी बेटी के सपनों को टूटने से बचाने के लिए आगे आना यही मानवीय मूल्यों को संरक्षित…

जनदर्शन में प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से आए नागरिकों के लिए झलकी आत्मीयता

रायपुर

नेतृत्व की सार्थकता इस बात में निहित है कि सामान्य जन की पीड़ा को महसूस करना, किसी बुजुर्ग की आंखों में छिपी विवशता को समझना, एक मां की चिंता को अपनी चिंता मानना और संघर्ष कर रही किसी बेटी के सपनों को टूटने से बचाने के लिए आगे आना यही मानवीय मूल्यों को संरक्षित करना है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के व्यक्तित्व और उनकी कार्यशैली में मानवीय संवेदनाओं का यही सुंदर स्वरूप दिखाई देता है। उनके लिए जनसेवा महज एक प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों से जुड़ा एक संकल्प है। उनकी सहजता, सरलता और आत्मीयता शासन को आम नागरिकों के और करीब ला रही है।

किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार की सफलता का आकलन केवल विकास के आंकड़ों, अधोसंरचनाओं के निर्माण और योजनाओं के क्रियान्वयन से नहीं किया जा सकता। उसकी वास्तविक कसौटी यह है कि समाज के सबसे कमजोर और जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में कितना सकारात्मक परिवर्तन आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कार्यशैली में इसी विचार की अभिव्यक्ति दिखाई देती है। उनके नेतृत्व में विकास और मानवीय संवेदनाएं एक दूसरे की पूरक बन रही हैं। शासन की प्राथमिकताओं में जहां प्रदेश की प्रगति है, वहीं उस प्रगति के केंद्र में आम नागरिक का सुख, सम्मान और बेहतर भविष्य भी है।

मुख्यमंत्री साय के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सहजता है। पद की गरिमा के साथ व्यवहार की सरलता बनाए रखना उनके नेतृत्व को विशिष्ट बनाता है। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में जब प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से आए नागरिक उनके समक्ष अपनी समस्याएं रखते हैं, तब उनके व्यवहार में एक अभिभावक जैसी आत्मीयता दिखाई देती है। किसी की बात को धैर्यपूर्वक सुनना, उसकी परिस्थितियों को समझना और समाधान के लिए तत्काल पहल करना संवेदनशील नेतृत्व की पहचान है।

मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग परसराम राठौर से कहा ‘बाबा, चिंता मत कीजिए, तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की गई पहल

संवेदनशीलता का अर्थ केवल किसी की पीड़ा सुन लेना नहीं, बल्कि उस पीड़ा को दूर करने के लिए सार्थक प्रयास करना भी है। कोरबा जिले के 83 वर्षीय परसराम राठौर के जीवन में तीन दशकों बाद स्पष्ट आवाजें सुन पाने की खुशी इसी संवेदनशीलता का उदाहरण है। मुख्यमंत्री के मुख से निकले शब्द, ‘बाबा, चिंता मत कीजिए’, केवल आश्वासन नहीं थे, बल्कि उनमें एक बुजुर्ग के प्रति सम्मान और आत्मीयता का भाव भी निहित था। तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की पहल ने उन शब्दों को सार्थकता प्रदान की। शासन की दृष्टि से यह एक छोटी-सी सहायता हो सकती है, लेकिन उस बुजुर्ग के लिए यह जीवन की एक बड़ी खुशी थी। ऐसे ही क्षण जनसेवा को मानवीय गरिमा प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने छह वर्षीय अयांश के पैरों के उपचार और तीन वर्षीय पार्थ साहू की आंखों के बेहतर इलाज के लिए की पहल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशीलता का एक महत्वपूर्ण पक्ष बच्चों के भविष्य को लेकर उनकी चिंता है। किसी परिवार के लिए इससे अधिक पीड़ादायक स्थिति क्या हो सकती है कि आर्थिक अभाव के कारण वह अपने बच्चे का उपचार तक न करा सके। ऐसे समय में शासन से मिला सहयोग केवल चिकित्सा मदद नहीं होती, बल्कि पूरे परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बन जाता है। छह वर्षीय अयांश के पैरों के उपचार और तीन वर्षीय पार्थ साहू की आंखों के बेहतर इलाज के लिए मुख्यमंत्री की पहल इसी मानवीय दृष्टिकोण को रेखांकित करती है। इन बच्चों के बेहतर भविष्य की चिंता में एक संवेदनशील अभिभावक का भाव दिखाई देता है।

जशपुर की बेटी फरहीन को पढ़ाई के लिए मिली आर्थिक सहायता 

जीवन में कई बार परिस्थितियां ऐसी होती हैं, जब व्यक्ति को आर्थिक सहायता के साथ भावनात्मक संबल की भी आवश्यकता होती है। पिता के निधन और परिवार की आर्थिक कठिनाइयों के बीच अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए संघर्ष कर रही जशपुर की बेटी फरहीन को मुख्यमंत्री से मिला सहयोग का भरोसा इसी भावनात्मक संबल का उदाहरण है। किसी बेटी को विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सपनों को जीवित रखने के लिए प्रेरित करना उसके आत्मविश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिससे न केवल उनकी वर्तमान की समस्याओं का समाधान हुआ है, बल्कि भविष्य की संभावनाओं को भी सुरक्षित रखना है।

मानवीय संवेदनाओं की सार्थकता तब और बढ़ जाती है, जब उनके साथ निर्णय लेने की तत्परता जुड़ जाती है। मुख्यमंत्री साय की कार्यशैली में संवेदनशीलता और प्रशासनिक सक्रियता का यही समन्वय दिखाई देता है। जरूरतमंदों को मौके पर आर्थिक सहायता प्रदान करना, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराना और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे नागरिकों के उपचार की व्यवस्था के निर्देश देना शासन को अधिक मानवीय और उत्तरदायी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 

मुख्यमंत्री साय का दृष्टिकोण केवल अभावों को दूर करने तक सीमित नहीं है। वे प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के लिए भी प्रोत्साहित करते हैं। खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही बेटियों की उपलब्धियों की सराहना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए सहयोग का भरोसा देना उनकी सकारात्मक सोच को अभिव्यक्त करता है। एक संवेदनशील नेतृत्व जहां कमजोर वर्गों को संबल प्रदान करता है, वहीं प्रतिभाशाली युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोलने का प्रयास भी करता है।

सुशासन की अवधारणा में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रशासनिक दक्षता का विशेष महत्व है, लेकिन इन सभी के साथ मानवीय संवेदनाओं का समावेश ही सुशासन को पूर्णता प्रदान करता है। जब शासन नागरिकों की कठिनाइयों को समझता है, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहता है और उन्हें सम्मान के साथ अपनी बात रखने का अवसर देता है, तब लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होती हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनदर्शन शासन और जनता के बीच इसी विश्वास का सेतु बन रहा है।

विकास की चमकती तस्वीरों के बीच किसी जरूरतमंद के चेहरे पर लौटी मुस्कान का अपना अलग महत्व होता है। किसी बुजुर्ग को फिर से सुनने की खुशी, किसी मां को अपने बच्चे के स्वस्थ होने की उम्मीद और किसी बेटी को अपने सपनों को साकार करने का भरोसा मिलना ऐसी उपलब्धियां हैं, जिन्हें केवल आंकड़ों में नहीं समेटा जा सकता। संवेदनाओं से समृद्ध नेतृत्व ही जनकल्याणकारी शासन की मजबूत आधारशिला तैयार करता है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल इसी दिशा में सुशासन की एक नई इबारत लिख रही है।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports