,

किसानों के लिए खुशखबरी, बीसलपुर बांध से सिंचाई का पानी छोड़ा गया, 25-35 दिन चलेगा जलप्रवाह

टोंक  बीसलपुर बांध से सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़ा गया। बांध बनने के बाद 17वीं बार सिंचाई के लिए पानी छोड़ा गया। दोनों मुख्य नहरों के हैड रेग्युलेटर पर मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर जलप्रवाह शुरू किया गया। सबसे पहले सुबह 8 बजे बायीं मुख्य नहर में 10 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके…

किसानों के लिए खुशखबरी, बीसलपुर बांध से सिंचाई का पानी छोड़ा गया, 25-35 दिन चलेगा जलप्रवाह

टोंक
 बीसलपुर बांध से सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़ा गया। बांध बनने के बाद 17वीं बार सिंचाई के लिए पानी छोड़ा गया। दोनों मुख्य नहरों के हैड रेग्युलेटर पर मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर जलप्रवाह शुरू किया गया। सबसे पहले सुबह 8 बजे बायीं मुख्य नहर में 10 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद सुबह 9 बजे दायीं मुख्य नहर में 50 क्यूसेक पानी प्रवाहित किया गया। धीरे-धीरे जलप्रवाह बढ़ाते हुए दायीं नहर में 100 क्यूसेक और बायीं नहर में 50 क्यूसेक पानी कर दिया गया। आगामी दिनों में इसे बढ़ाकर दोनों नहरों की निर्धारित क्षमता के अनुसार पानी छोड़ा जाएगा। दायीं मुख्य नहर की जलप्रवाह क्षमता 735 क्यूसेक तथा बायीं मुख्य नहर की क्षमता 110 क्यूसेक है।

बांध परियोजना के अभियंताओं के अनुसार नहरों में छोड़े गए पानी को सबसे पहले मुख्य नहरों के अंतिम छोर यानी टेल तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद टेल से हेड की ओर क्रमवार माइनर और वितरिकाओं में पानी छोड़ा जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य नहरों के अंतिम छोर पर स्थित किसानों तक भी पर्याप्त मात्रा में समय पर सिंचाई का पानी पहुंचाना है। परियोजना की ओर से आगामी दो दिनों में मुख्य नहरों का पानी अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

81 हजार 800 हेक्टेयर भूमि को मिलेगा सिंचाई का लाभ
बीसलपुर बांध का संपूर्ण नहरी तंत्र करीब 750 किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। इसके माध्यम से टोंक जिले की लगभग 81 हजार 800 हेक्टेयर भूमि यानी करीब ढाई लाख बीघा क्षेत्र में सिंचाई होती है। इससे किसानों को सिंचाई सुविधा मिलने के साथ जिले में करीब 100 करोड़ रुपए की अतिरिक्त कृषि पैदावार होने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि बीसलपुर बांध से पहली बार वर्ष 2004 में सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़ा गया था। इसके बाद अब 17वीं बार नहर तंत्र के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

बांध में 60 फीसदी जलभराव
गत 18 नवंबर को आयोजित बीसलपुर परियोजना जल वितरण समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार इस बार सिंचाई के लिए करीब 25 से 35 दिनों तक नहरों में पानी चलाया जाएगा। इस दौरान लगभग 2 टीएमसी पानी खर्च होने का अनुमान है। हालांकि बांध के पूर्ण जलभराव की स्थिति में सिंचाई के लिए कुल 8 टीएमसी पानी आरक्षित रखा गया है, लेकिन वर्तमान में बांध में कुल जलभराव क्षमता का करीब 60 प्रतिशत पानी ही उपलब्ध है। ऐसे में पेयजल की आवश्यकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। बुधवार को बांध का जलस्तर 313.27 आरएल मीटर दर्ज किया गया। इसमें कुल 23.747 टीएमसी पानी संग्रहित है।

जनप्रतिनिधि नहीं रहे मौजूद
बीसलपुर परियोजना के अधीक्षण अभियंता मनीष बंसल, सहायक अभियंता दिनेश बैरवा मौजूद रहे। पूर्व में नहरों में पानी छोड़ने के दौरान जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाता था, लेकिन इस बार आचार संहिता लागू होने के चलते परियोजना अभियंताओं की मौजूदगी में ही जलप्रवाह शुरू किया गया।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports