,

योगी सरकार की पहल से PDS को मजबूती, यूपी में 8,922 अन्नपूर्णा भवन तैयार

योगी सरकार की पहल से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूती, प्रदेश में 8,922 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण पूरा राशन वितरण व्यवस्था को मिल रहा आधुनिक स्वरूप, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹500 करोड़ का बजट प्रावधान ग्रामीण क्षेत्रों में सुदृढ़ हो रही खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के…

योगी सरकार की पहल से PDS को मजबूती, यूपी में 8,922 अन्नपूर्णा भवन तैयार

योगी सरकार की पहल से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूती, प्रदेश में 8,922 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण पूरा

राशन वितरण व्यवस्था को मिल रहा आधुनिक स्वरूप, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹500 करोड़ का बजट प्रावधान

ग्रामीण क्षेत्रों में सुदृढ़ हो रही खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के बजट में लगातार वृद्धि

लखनऊ
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनसुविधा केंद्रित बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। प्रदेश में उचित दर की दुकानों को आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के उद्देश्य से शुरू की गई अन्नपूर्णा भवन योजना ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा बैठक के लिए तैयार आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 8,922 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 2,377 भवन निर्माणाधीन हैं। सरकार की इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में राशन वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाना, लाभार्थियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में खाद्यान्न उपलब्ध कराना और उचित दर विक्रेताओं के लिए भी बेहतर बुनियादी सुविधाएं विकसित करना है।

अन्नपूर्णा भवनों के लिए बजट में लगातार वृद्धि
  अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण वित्तीय वर्ष 2023-24 में मनरेगा सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से शुरू किया गया था। निर्धारित डिजाइन के अनुसार प्रत्येक भवन का कुल क्षेत्रफल 484 वर्गफुट रखा गया है। इसमें दो बड़े कक्ष और सामने बरामदे की व्यवस्था है। प्रति भवन निर्माण की निर्धारित लागत 8.462 लाख रुपये है। योजना को विस्तार देने के लिए योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहली बार विभागीय बजट से 200 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। इसके तहत 71 जनपदों से प्राप्त कार्ययोजनाओं के आधार पर 2,559 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए धनराशि आवंटित की गई। सरकार ने इस पहल को और गति देते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभागीय बजट को बढ़ाकर 500 करोड़ रुपये कर दिया है। यह बजटीय विस्तार प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

निर्माण कार्यों में लगातार बढ़ी रफ्तार
   विभागीय आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में 3,808 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण पूरा हुआ, जबकि 2024-25 में 3,502 भवन पूर्ण हुए। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1,612 भवनों का निर्माण पूरा किया गया। इस प्रकार कुल 8,922 भवन पूर्ण हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त 2,377 भवनों का निर्माण अलग-अलग चरणों में जारी है। इससे स्पष्ट है कि सरकार केवल योजना की घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेशभर में इसके क्रियान्वयन पर भी जोर दिया जा रहा है।

निर्माण की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष निगरानी
   मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्रस्तावित समीक्षा बैठक के लिए तैयार विभागीय रिपोर्ट में निर्माण कार्यों की विस्तृत स्थिति प्रस्तुत की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के विभागीय बजट से 2,561 दुकानों के सापेक्ष प्रथम किस्त जारी की गई। इनमें 1,612 भवन पूर्ण हो चुके हैं और 725 भवनों पर निर्माण कार्य प्रगतिमान है, जबकि 67 भवनों का निर्माण अभी प्रारंभ नहीं हुआ है। निर्माणाधीन भवनों में 386 छत स्तर, 228 लिंटर स्तर और 111 नींव स्तर पर हैं। पूर्ण भवनों में 871 स्ट्रक्चर पूर्ण तथा 741 फिनिशिंग स्तर पर हैं।
    विभाग ने प्रतापगढ़, वाराणसी, बिजनौर और बाराबंकी सहित अधिक निर्माण लंबित वाले जनपदों की विशेष निगरानी तथा 67 अनारंभ भवनों का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की कार्ययोजना भी तैयार की है। इससे निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए जवाबदेही तय करने की दिशा में प्रयास स्पष्ट होते हैं।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports