,

हरियाणा में बनेंगी 45 नई विधानसभा सीटें, पांच लोकसभा क्षेत्र बढ़ने से बदलेंगे राजनीतिक समीकरण

 चंडीगढ़  हरियाणा की राजनीति में परिसीमन के जरिए एक बार फिर बड़े बदलाव की पटकथा तैयार हो रही है। केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव पर अमल हुआ तो प्रदेश में विधानसभा सीटों की संख्या 90 से बढ़कर 135 और लोकसभा सीटों की संख्या 10 से बढ़कर 15 हो जाएगी। यानी विधानसभा में 45 और लोकसभा…

हरियाणा में बनेंगी 45 नई विधानसभा सीटें, पांच लोकसभा क्षेत्र बढ़ने से बदलेंगे राजनीतिक समीकरण

 चंडीगढ़
 हरियाणा की राजनीति में परिसीमन के जरिए एक बार फिर बड़े बदलाव की पटकथा तैयार हो रही है। केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव पर अमल हुआ तो प्रदेश में विधानसभा सीटों की संख्या 90 से बढ़कर 135 और लोकसभा सीटों की संख्या 10 से बढ़कर 15 हो जाएगी। यानी विधानसभा में 45 और लोकसभा में पांच सीटों की बढ़ोतरी होगी।

यह बढ़ोतरी केवल जनप्रतिनिधियों की संख्या तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रदेश का पूरा चुनावी भूगोल और राजनीतिक समीकरण बदल सकती है।

नए विधानसभा क्षेत्रों के गठन और मौजूदा हलकों की सीमाओं में बदलाव से कई नेताओं के राजनीतिक गढ़ प्रभावित होंगे। ऐसे में मौजूदा विधायकों, पूर्व विधायकों और टिकट के दावेदारों को अपनी राजनीतिक जमीन नए सिरे से तैयार करनी पड़ सकती है।

केंद्र ने नए प्रस्ताव को दी मंजूरी
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 27 नवंबर को संविधान के 132वें संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़े नए प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लोकसभा तथा विधानसभा सीटों की मौजूदा संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रविधान किया गया है।

संसद के विशेष सत्र में इन विधेयकों को पेश किया जाना प्रस्तावित है। हालांकि, अभी यह प्रस्तावित व्यवस्था है। संसद की मंजूरी और परिसीमन आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हरियाणा के नए चुनावी नक्शे की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और हिसार के कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी ने प्रस्तावित परिसीमन का यह कहते हुए विरोध किया है कि इससे अनावश्यक खर्च बढ़ेगा और जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग होगा।

2008 में बदली थी हलकों की पहचान
हरियाणा में पिछला परिसीमन 2008 में लागू हुआ था। उस समय विधानसभा की 90 और लोकसभा की 10 सीटों की संख्या बरकरार रही थी, लेकिन विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं और पहचान में बड़े बदलाव हुए थे।

2005 और 2009 के विधानसभा चुनावों की सीटवार सूची की तुलना करें तो इसका असर साफ दिखाई देता है। 2005 में मौजूद मुंडहाल खुर्द, नाग्गल, जुंडला, नौलथा, पाई, हसनगढ़, साल्हावास, कैलाना, रोहट, राजौंद, दडबाकलां, रोड़ी, जाटूसाना, मेवला महाराजपुर और हसनपुर जैसे कई पुराने नाम 2009 की चुनावी सूची में अलग विधानसभा क्षेत्रों के रूप में नहीं रहे।

कुछ क्षेत्रों का दूसरे हलकों में समावेश हुआ तो कुछ का पुनर्गठन कर दिया गया। किलोई का स्वरूप बदलकर गढ़ी सांपला-किलोई हो गया।

नए हलकों ने बदले थे सियासी समीकरण
पिछले परिसीमन में बादशाहपुर, पुन्हाना, नलवा, उकलाना, कोसली, गन्नौर, खरखौदा, इसराना, पानीपत शहर, पानीपत ग्रामीण, नांगल चौधरी, रानियां, पृथला, फरीदाबाद एनआइटी, बड़खल और तिगांव जैसे नए विधानसभा क्षेत्र अस्तित्व में आए थे।

पानीपत में पहले एक विधानसभा क्षेत्र था, लेकिन परिसीमन के बाद इसे पानीपत शहर और पानीपत ग्रामीण में बांट दिया गया। रोड़ी का पुराना विधानसभा क्षेत्र समाप्त हुआ और कालांवाली (एससी) के रूप में नया क्षेत्र अस्तित्व में आया।

आरक्षण ने भी बदली थी नेताओं की राह
परिसीमन के दौरान आरक्षण की स्थिति में बदलाव ने भी नेताओं की चुनावी रणनीति प्रभावित की थी। नरवाना पहले सामान्य सीट थी, लेकिन परिसीमन के बाद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गई। शाहबाद भी सामान्य से आरक्षित सीट बनी। दूसरी ओर कलायत और बरौदा आरक्षित श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आ गईं।

इसका असर नेताओं की चुनावी राजनीति पर पड़ा। रणदीप सिंह सुरजेवाला को नरवाना छोड़कर कैथल से चुनाव लड़ना पड़ा। रोड़ी के पुनर्गठन के बाद चौटाला परिवार के पुराने राजनीतिक क्षेत्र का स्वरूप बदल गया। जुंडला के पुनर्गठन और नीलोखेड़ी के नए स्वरूप ने राजनीतिक समीकरण प्रभावित किए।

नए इलाकों में खुलेगी राजनीतिक दावेदारी
इस बार 45 अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्रों का प्रस्ताव है। ऐसे में गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत और पंचकूला जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों में नए प्रतिनिधित्व की संभावना महत्वपूर्ण होगी।

वहीं अहीरवाल, जीटी रोड बेल्ट, जाट बाहुल्य क्षेत्र और मेवात में भी नए निर्वाचन क्षेत्रों के गठन से स्थानीय नेताओं की दावेदारी बढ़ सकती है। सबसे बड़ी चुनौती मौजूदा विधायकों के सामने होगी।

यदि किसी सीट की सीमाएं बदलती हैं तो वहां के मतदाताओं का सामाजिक और भौगोलिक स्वरूप भी बदल सकता है। मौजूदा विधायकों को नए इलाके के मतदाताओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बनानी होगी।

दूसरी ओर, जिन नेताओं को अब तक सीमित सीटों के कारण टिकट नहीं मिल पाता था, उनके लिए भी नए विधानसभा क्षेत्रों के गठन से राजनीतिक अवसर पैदा हो सकते हैं। पुराने राजनीतिक घरानों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी नए समीकरण बन सकते हैं।

इन जिलों में बन सकती हैं 45 नई विधानसभा सीटें
    पंचकूला : रायपुर रानी
    अंबाला : शहजादपुर
    यमुनानगर : बिलासपुर
    कुरुक्षेत्र : पीपली
    कैथल : राजौंद
    करनाल : निसिंग, तरावड़ी
    पानीपत : मतलौड़ा मंडी
    सोनीपत : बढ़खालसा, मुरथल
    जींद : कंडेला, जींद ग्रामीण
    हिसार : बालसमंद, अग्रोहा, हिसार ग्रामीण
    हांसी : सिसाय
    फतेहाबाद : भट्टू मंडी
    सिरसा : गोरीवाला, नाथूसरी चौपटा
    रोहतक : लाखन माजरा, रोहतक ग्रामीण
    झज्जर : मछरौली, छुछकवास
    चरखी दादरी : बौंद कलां
    भिवानी : मुंढाल, भिवानी ग्रामीण
    गुड़गांव : मानेसर, फर्रुखनगर, पालम विहार, गुरुग्राम ग्रामीण
    रेवाड़ी : धारूहेड़ा
    महेंद्रगढ़ : कनीना
    मेवात : नगीना, तावडू
    पलवल : मंडकोला, पलवल ग्रामीण
    फरीदाबाद : मोहना, फरीदाबाद ग्रामीण, मेवला

महराजपुर ये पांच नई लोकसभा सीटें बन सकती हैं

    फरीदाबाद में पलवल
    रोहतक में झज्जर
    हिसार में जींद
    गुरुग्राम में रेवाड़ी
    सिरसा में फतेहाबाद

प्रस्ताव से हकीकत तक का रास्ता
    27 नवंबर : केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संविधान के 132वें संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़े नए प्रस्ताव को मंजूरी दी।
    30 नवंबर से : संसद के विशेष सत्र में विधेयकों को पेश किया जाना प्रस्तावित है।
    संसद की मंजूरी के बाद : परिसीमन आयोग के गठन और निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं निर्धारित करने की प्रक्रिया होगी।
    अंतिम आदेश जारी होने के बाद : नई सीटों और सीमाओं के आधार पर चुनावी व्यवस्था लागू हो सकेगी।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports