,

400 वर्ग फुट के मकान पर 45,900 रुपये टैक्स, समाधान दिवस में उमड़ी शिकायतों की बाढ़

 लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नरही के अब्दुल फरीद का मकान 400 वर्ग फुट में है। पहले उनके मकान का हाउस टैक्स 1,440 रुपये आता था, लेकिन अचानक नगर निगम ने उनके मकान का हाउस टैक्स 45,900 रुपये कर दिया। यानी लगभग 32 गुना टैक्स बढ़ा दिया गया। अब्दुल फरीद छह महीने से…

400 वर्ग फुट के मकान पर 45,900 रुपये टैक्स, समाधान दिवस में उमड़ी शिकायतों की बाढ़

 लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नरही के अब्दुल फरीद का मकान 400 वर्ग फुट में है। पहले उनके मकान का हाउस टैक्स 1,440 रुपये आता था, लेकिन अचानक नगर निगम ने उनके मकान का हाउस टैक्स 45,900 रुपये कर दिया। यानी लगभग 32 गुना टैक्स बढ़ा दिया गया। अब्दुल फरीद छह महीने से हाउस टैक्स कम कराने के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। शुक्रवार को नगर निगम में लगे संपूर्ण समाधान दिवस में वह फिर अपनी फरियाद लेकर पहुंचे।

महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने उनकी समस्या सुनी तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोबारा जांच कर उनका हाउस टैक्स सही किया जाए। अकेले अब्दुल फरीद ही नहीं, ऐसे दर्जनों लोग संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे, जिनका हाउस टैक्स बढ़ा दिया गया है। समाधान दिवस में सफाई और सड़क की समस्याएं लेकर भी पहुंचे। मॉडल हाउस क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से सड़क पर सीवर का पानी बह रहा है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हाउस टैक्स 15 हजार से बढ़कर 20,000 हुआ
वहीं हैवलॉक रोड के रहने वाले रमेश भी अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अभी तक उनका हाउस टैक्स लगभग 15,000 रुपये आ रहा था और वह नियमित रूप से टैक्स जमा भी कर रहे थे। अचानक उनका टैक्स बढ़ाकर 20,000 रुपये कर दिया गया लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।

हाउस टैक्स आठ गुना बढ़ा दिया
ऐसे ही लखनऊ के माल एवेन्यू की शिवपुरम कॉलोनी निवासी शकुंतला भी अपनी फरियाद लेकर पहुंचीं। बुजुर्ग शकुंतला का कहना था कि उनका टैक्स बहुत बढ़ा दिया गया है। 400 वर्ग फुट का आवासीय मकान है। पहले लगभग 300 रुपये टैक्स आता था, लेकिन नगर निगम ने इसे बढ़ाकर 2,375 रुपये कर दिया है।

सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की भी शिकायतें
बी-36, निराला नगर निवासी अशोक चंद्र अग्रवाल सफाई न होने की समस्या से परेशान हैं। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट भी खराब है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने तीन बार शिकायत दर्ज कराई है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

आईजीआरएस पर दो बार शिकायत, सफाई नहीं
प्रभातपुरम, प्रीति नगर के विनय अवस्थी भी अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दो बार आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आज तक सफाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि सफाई की फर्जी रिपोर्ट लगाकर इंस्पेक्टर ने मामला निस्तारित कर दिया।

न्यू आदर्शनगर में गंदे पानी की समस्या
न्यू आदर्श नगर, मल्लपुर निवासी अंकित कुमार भी अपनी समस्या लेकर आए। उन्होंने बताया कि तीन बार समाधान दिवस में शिकायत कर चुके हैं। कमिश्नर और नगर आयुक्त को भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन गंदे पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed