,

गांव की पगडंडियों से ओलंपिक तक पहुंचा झारखंड का हुनर, जानें राज्य के खेल सितारों की गौरवगाथा

रांची  झारखंड की माटी में खेल नैसर्गिक रूप से रचा-बसा है। 15 नवंबर 2000 को जब झारखंड अलग राज्य के रूप में मानचित्र पर आया, तब यहां के युवाओं के सपनों को नई दिशा मिली। गांव की पगडंडियों, कच्चे मैदानों और बिना जूतों के बांस की खपच्चियों व लाठियों से खेलने वाले बच्चों ने अपनी…

गांव की पगडंडियों से ओलंपिक तक पहुंचा झारखंड का हुनर, जानें राज्य के खेल सितारों की गौरवगाथा

रांची
 झारखंड की माटी में खेल नैसर्गिक रूप से रचा-बसा है। 15 नवंबर 2000 को जब झारखंड अलग राज्य के रूप में मानचित्र पर आया, तब यहां के युवाओं के सपनों को नई दिशा मिली। गांव की पगडंडियों, कच्चे मैदानों और बिना जूतों के बांस की खपच्चियों व लाठियों से खेलने वाले बच्चों ने अपनी जिद और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लहराया है।

राज्य गठन के बाद प्रशासनिक स्वायत्तता, नीतिगत फैसलों और राज्य स्तरीय खेल अकादमियों के सहयोग से झारखंड के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपना हुनर निखारने के पर्याप्त अवसर मिले।

नतीजतन, दूर-दराज के आदिवासी और ग्रामीण इलाकों से निकली प्रतिभाओं ने ओलिंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और विश्व कप जैसे मंचों पर भारत का गौरव बढ़ाया। आने वाले समय पर अगर झारखंड खेल के पावर हाउस के रूप में नजर आए तो बड़ी बात नहीं होगी।

हाॅकी की नर्सरी झारखंड
झारखंड की खेल संस्कृति का सिरमौर हाकी है। राज्य के सिमडेगा और खूंटी जिले विश्व खेल जगत में “हाॅकी की नर्सरी” के नाम से विख्यात हैं। यहां बच्चे चलना सीखने के साथ ही हाॅकी स्टिक थाम लेते हैं। भारतीय हाकी की स्वर्णिम गाथा की शुरुआत 1928 के एम्स्टर्डम ओलिंपिक से हुई, जहां खूंटी के जयपाल सिंह मुंडा की कप्तानी में भारत ने अपना पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता।

वर्ष 1980 के मास्को ओलिंपिक में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में सिमडेगा के सिल्वानुस डुंगडुंग की रक्षात्मक भूमिका अहम रही। वहीं, 1975 विश्व कप के स्वर्ण पदक विजेता माइकल किंडो ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन किया।

अब झारखंड की बेटियां भी हाॅकी में परचम लहरा रही हैं। पूर्व भारतीय कप्तान सुमराय टेटे (2002 राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित) तथा असुंता लकड़ा ने भारतीय टीम का नेतृत्व किया। असुंता भारतीय महिला हाकी टीम की कप्तान रहीं और करीब डेढ़ सौ से अधिक मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

निक्की प्रधान 2016 के रियो ओलिंपिक में जगह बनाकर झारखंड की पहली महिला ओलिंपिक हाॅकी खिलाड़ी बनीं। वह टोक्यो ओलिंपिक 2020 में ऐतिहासिक चौथा स्थान हासिल करने वाली टीम का हिस्सा थीं। सिमडेगा के छोटे से गांव बड़का छपार की सलीमा टेटे ने टोक्यो ओलिंपिक में अपनी गति से दुनिया को हैरान किया।

वह वर्तमान में भारतीय सीनियर महिला हाॅकी टीम की कप्तान हैं। संगीत कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग और बिमू टोप्पो ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर राज्य की हाकी परंपरा को आगे बढ़ाया है।

तीरंदाजी : एकलव्य की भूमि से सटीक निशाने का जादू
झारखंड की जनजातीय परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा धनुष-बाण आज आधुनिक तीरंदाजी में वैश्विक पहचान बना चुका है। जमशेदपुर स्थित टाटा आर्चरी एकेडमी और रांची की राज्य तीरंदाजी अकादमी ने ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।

रांची के रातू की रहने वाली दीपिका कुमारी पूर्व विश्व नंबर-1 तीरंदाज रही हैं। उन्होंने 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता और लगातार चार ओलिंपिक (2012, 2016, 2020, 2024) में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

खरसावां और आसपास के ग्रामीण इलाकों से निकली तीरंदाज लक्ष्मी रानी माझी, रिमिल बुरीउली और कोमोलिका बारी ने विश्व चैंपियनशिप और युवा ओलिंपिक में भारत के लिए पदक जीते। द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मािनत पूर्णिमा महतो ने कोच के रूप में देश को कई अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता दिए। इसके लिए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

एथलेटिक्स और पावरलिफ्टिंग में सपना कुमारी व फ्लोरेंस बारला का जोड़ नहीं
सपना कुमारी व फ्लोरेंस बारला ने एथलेटिक्स की बाधा दौड़ और स्प्रिंट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते। फ्लोरेंस बारला, शुभलक्ष्मी और इंदरजीत सिं ने एथलेटिक्स और पावरलिफ्टिंग में राष्ट्रीय रिकार्ड बनाए।

फुटबाल और रग्बी : गांवों से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर
झारखंड के कोल्हान, संताल परगना और छोटानागपुर के गांवों में फुटबाल लोगों के जीवन का हिस्सा है, जबकि रग्बी एक नए और बेहद लोकप्रिय खेल के रूप में उभरा है। झारखंड ने भारतीय फुटबाल को सीनियर और जूनियर स्तर पर कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं।

अब तक झारखंड के 35 से अधिक पुरुष और महिला खिलाड़ियों ने भारत की सीनियर और जूनियर (अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-23) राष्ट्रीय टीमों का प्रतिनिधित्व किया है। सुदूर गांवों में रहनेवाली सुमित्रा कुमारी, अष्टम उरांव, नीतू लिंडा और अनिता कुमारी ने भारतीय महिला फुटबाल में क्रांति ला दी।

अष्टम उरांव ने भारत में आयोजित फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप (2022) में भारतीय टीम की कप्तानी की, जो राज्य के लिए ऐतिहासिक क्षण था। रांची के युवा फुटबाल खिलाड़ी निखिल बारला का भारतीय सीनियर पुरुष फुटबाल टीम में चयन राज्य के फुटबाल इतिहास का बड़ा मील का पत्थर बना।
आधारभूत ढांचा : वर्ष 2000 और वर्तमान स्थिति

स्टेडियम व खेल परिसर
वर्ष 2000 में गिने-चुने बुनियादी मैदान थे, जैसे मोरहाबादी का पुराना मैदान। अंतरराष्ट्रीय मानक का कोई परिसर नहीं था। आज रांची में खेलगांव (मेगा खेल परिसर) है, जिसे 34वें राष्ट्रीय खेलों के लिए बनाया गया था। जेएससी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भी मौजूद है।

वर्ष 2000 में पूरे राज्य में एक भी अंतरराष्ट्रीय सिंथेटिक एस्ट्रोटर्फ नहीं था। खिलाड़ी नंगे पैर या घास पर खेलते थे। आज मोरहाबादी (रांची), सिमडेगा, खूंटी, गुमला और हजारीबाग में विश्वस्तरीय सिंथेटिक एस्ट्रोटर्फ हैं। गांव-गांव में डे-बोर्डिंग टर्फ की व्यवस्था है।

तीरंदाजी व अन्य अकादमियां
वर्ष 2000 में केवल जमशेदपुर में टाटा की निजी पहल थी। सरकारी स्तर पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। आज रांची और जमशेदपुर में राज्य की समर्पित 

तीरंदाजी अकादमियां हैं। आवासीय क्रीड़ा किसलय केंद्र और एकलव्य खेल अकादमियां भी हैं।

प्रशिक्षण व खेल नीति
वर्ष 2000 में कोई स्पष्ट खेल नीति नहीं थी और नौकरी में खेल कोटा पारदर्शी नहीं था। आज झारखंड खेल नीति 2022 के तहत सीधी भर्ती, छात्रवृत्ति, बीमा, पूर्व खिलाड़ियों को पेंशन और नकद पुरस्कार की व्यवस्था है।

डिजिटल व वैज्ञानिक ढांचा
वर्ष 2000 में वैज्ञानिक प्रशिक्षण, फिजियोथेरेपी या खेल चिकित्सा की कोई सुविधा नहीं थी। वर्तमान में देश का पहला डिजिटल खेल डेटाबेस और स्पोर्ट्स अथारिटी आफ झारखंड का वैज्ञानिक आकलन केंद्र मौजूद है।

अगले 25 वर्ष: भारत की खेल राजधानी बनने की ओर झारखंड
वर्ष 2025 से 2050 का कालखंड झारखंड के खेल इतिहास का स्वर्णिम युग साबित होने वाला है। मजबूत होते आधारभूत ढांचे, ‘वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना’ के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर हजारों मैदानों के निर्माण और झारखंड खेल नीति के क्रियान्वयन से राज्य अगले 25 वर्षों में वैश्विक खेल मानचित्र पर एक प्रमुख शक्ति बनेगा।

आवासीय खेल सेंटर और सेंटर फार एक्सीलेंस की संख्या बढ़ेगी और युवा खिलाड़ियों को वहां तराशा जाएगा। सभी जिलों में खेले के मैदान होंगे। झारखंड ओलिंपिक संघ के महासचिव डा. मधुकांत पाठक भी मानते है कि आने वाले समय में झारखंड खेल में काफी आगे रहेगा।

सिमडेगा और खूंटी की अकादमियां नीदरलैंड और आस्ट्रेलिया जैसी वैश्विक हाकी नर्सरियों को टक्कर देंगी। 2032 और 2036 के ओलंपिक में झारखंड के खिलाड़ी भारतीय हाकी टीम का नेतृत्व करेंगे। झारखंड की बेटियां भारतीय महिला फुटबाल और एशियाई रग्बी की रीढ़ बनी रहेंगी।

आगामी 25 वर्षों में झारखंड से 100 से अधिक खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय रग्बी और फुटबाल प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। रांची और जमशेदपुर एशियाई खेलों तथा अंतरराष्ट्रीय हाकी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के स्थायी मेजबान बनेंगे।

भले ही आज टेनिस में झारखंड राष्ट्रीय स्तर पर काफी पीछे है, लेकिन अगले 25 वर्षों में यह स्थिति नहीं रहेगी। अच्छे कोर्ट की उपलब्धता के लिए झारखंड टेनिस संघ अभी रांची, धनबाद और जमशेदपुर में मैच आयोजित कर रहा है।

संघ ने निकट भविष्य में अपने कोर्ट बनाने का फैसला किया है। संघ के अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने बताया, “जल्द ही रांची में हमारा अपना कोर्ट होगा। इसके साथ ही खूंटी, कोडरमा और गुमला में कोर्ट तैयार करने की योजना है।

रांची में जो पुराने कोर्ट हैं, उन पर भी अभ्यास करने की योजना बनी है। जल्द ही हम अच्छे कोच लाएंगे और यहां के प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिलाएंगे। अपना कोर्ट होने पर कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा सकेंगी।”

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports