,

100 बीघा में सजेगा मंत्री संदीप सिंह की सगाई का पंडाल, नीदरलैंड के फूलों से महकेगा समारोह

अलीगढ़ पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के कुनबे में शहनाइयों की गूंज बड़े राजनीतिक जुटान की गवाह बनने जा रही है। इस हाईप्रोफाइल आयोजन का भव्य पंडाल रामघाट रोड स्थित तालानगरी में संत फिदेलिस स्कूल के पास मैदान में आकार ले चुका है। समारोह के लिए करीब 100 बीघा क्षेत्रफल में वॉटरप्रूफ जर्मन हैंगर पंडाल तैयार…

100 बीघा में सजेगा मंत्री संदीप सिंह की सगाई का पंडाल, नीदरलैंड के फूलों से महकेगा समारोह

अलीगढ़
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के कुनबे में शहनाइयों की गूंज बड़े राजनीतिक जुटान की गवाह बनने जा रही है। इस हाईप्रोफाइल आयोजन का भव्य पंडाल रामघाट रोड स्थित तालानगरी में संत फिदेलिस स्कूल के पास मैदान में आकार ले चुका है। समारोह के लिए करीब 100 बीघा क्षेत्रफल में वॉटरप्रूफ जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया जा रहा है। वैवाहिक कार्यक्रम के लिए व्यापक भूभाग को 'अस्थायी नगर' का रूप दिया गया है। इस भव्य उत्सव में शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की भी रिंग सेरेमनी होगी। जहां संदीप सिंह, मेघना चौधरी (पुत्री विजय व अरुण चौधरी, मूल निवासी गोंडा ब्लॉक का रुदायन उर्फ तारापुर गांव) का हाथ थामेंगे, वहीं छोटे भाई सौरभ सिंह, अंतरा त्यागी (पुत्री अनुराधा व देवेश त्यागी) के साथ जीवन की नई शुरुआत करेंगे।

हाईप्रोफाइल सगाई की हाईटेक तैयारी
पंडाल को तीन अलग-अलग लेयर्स में विभाजित किया गया है। अति विशिष्ट दीर्घा, विशिष्ट दीर्घा और आम आगंतुक क्षेत्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के संभावित आगमन को लेकर रामघाट रोड स्थित स्कूल परिसर में थ्री-वे हेलीपैड तैयार किया गया है। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया गया है, जिसके चलते सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च स्तर पर रखा गया है। कार्यक्रम स्थल के चारों तरफ पुलिस के जवान और एलआईयू को तैनात किया गया है।

खान-पान में 'बाबूजी' की पसंद का मान
समारोह के मीनू को शाही रखा गया है। वीवीआईपी मेहमानों को जहां आधुनिक कॉन्टिनेंटल फूड परोसा जाएगा, वहीं मुख्य आकर्षण बाबूजी कल्याण सिंह की यादों से जुड़ा ग्रामीण और ब्रज का पारंपरिक स्वाद भी होगा। अतरौली और अलीगढ़ के ग्रामीण अंचलों की प्रसिद्ध देसी घी की बालूशाही, विशेष मटका कुल्फी और बाजरे की खास वैरायटी को भी मीनू का हिस्सा बनाया गया है। सगाई समारोह में एक हजार वीवीआईपी व वीआईपी का खाना तैयार करने का काम दिल्ली की एक कैटरिंग फर्म को दिया गया है। जबकि बाकी खाना का जिम्मा प्रेमी कैटर्स को दिया गया है।

500 से अधिक गांवों में भेजा निमंत्रण
छर्रा व अतरौली क्षेत्र समेत जिले भर के 500 से अधिक गांवों के लोगों को समारोह का निमंत्रण दिया गया है। करीब 100 बीघा क्षेत्र में पंडाल तैयार किया गया है। इतने बड़े आयोजन में अतिथियों के भोजन व बैठने से लेकर आवागमन तक की व्यापक व्यवस्था की गई है। पार्किंग के लिए कई स्थान बनाए गए हैं।

700 पुलिसकर्मियों के हाथ में सुरक्षा की कमान
वीवीआईपी व बड़ी संख्या में आमंत्रित लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। एक दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारियों को भी दूसरे जिलों से बुलाया जा रहा है।

आसपास के स्कूलों और खाली स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी मेहमानों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था रहेगी। डीएम अविनाश कुमार, एसएसपी नीरज कुमार जादौन और पुलिस अधिकारी पहले ही स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं।

 

थाईलैंड, नीदरलैंड के फूल बिखरेंगे महक
आयोजन स्थल को थाईलैंड से आने वाले ऑर्किड, नीदरलैंड के ट्यूलिप, लिली और अन्य विदेशी फूलों से सजाया जा रहा है। अलग-अलग देशों से मंगाए गए इन फूलों के जरिए समारोह स्थल को खास लुक दिया जा रहा है। फूलों की सजावट के साथ आयोजन स्थल को आकर्षक बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

26 को विवाह, 27 को दिल्ली में रिसेप्शन
सगाई की रस्में 14 नवंबर को दोपहर 12:00 बजे के बाद शुभ मुहूर्त में शुरू होंगी। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, इस ऐतिहासिक सगाई के बाद दोनों भाइयों का विवाह समारोह 26 नवंबर को और रिसेप्शन 27 नवंबर को दिल्ली में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। जहां देश के शीर्ष राजनेता, केंद्रीय मंत्री और वैश्विक हस्तियों के शिरकत करने की संभावना है।

राज्यपाल, सीएम समेत कई हस्तियां होंगी शामिल
सगाई समारोह में देश और प्रदेश की राजनीति की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य समेत प्रदेश सरकार के सभी कैबिनेट मंत्रियों के पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके अलावा अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कई विशिष्ट अतिथियों के भी शामिल होने की संभावना है। वीवीआईपी मेहमानों के आगमन को लेकर प्रशासन को कार्यक्रम प्राप्त हो रहे हैं। अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा और प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के आगमन का कार्यक्रम भी जिला प्रशासन को मिल गया है। मुख्यमंत्री और राज्यपाल कार्यक्रम के दौरान मंच से उपस्थित लोगों को संबोधित भी कर सकते हैं।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports