,

सिंहस्थ के सुप्रबंधन के लिए 2801.75 करोड़ रुपए के 33 प्रस्तावित कार्यों को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में हुई सिंहस्थ के लिए गठित मंत्रि-मंडलीय समिति की सप्तम बैठक भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विश्व के सबसे बड़े धार्मिक मेले सिंहस्थ-2028 के प्रबंधन में कोई कमी न रहे। समय रहते सभी प्रकार की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाये। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की…

सिंहस्थ के सुप्रबंधन के लिए 2801.75 करोड़ रुपए के 33 प्रस्तावित कार्यों को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में हुई सिंहस्थ के लिए गठित मंत्रि-मंडलीय समिति की सप्तम बैठक

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विश्व के सबसे बड़े धार्मिक मेले सिंहस्थ-2028 के प्रबंधन में कोई कमी न रहे। समय रहते सभी प्रकार की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाये। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की सुचारू व्यवस्थाओं के लिए जितने भी काम निर्माणाधीन है या मंज़ूर हो चुके हैं, वे सभी काम हर हाल में 2027 के अंत तक पूरे कर लिए जायें‌। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षिप्रा नदी के सभी घाटों तक पहुंच के लिए पक्के रास्ते बनाए जायें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब हर महीने सिंहस्थ की मंत्रि-मंडलीय समिति की बैठक आयोजित कर निर्माणाधीन और प्रक्रियाधीन कामों की समीक्षा की जायेगी। उन्होंने कहा कि इस बार का सिंहस्थ क्लीन एंड ग्रीन सिंहस्थ की थीम पर आयोजित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मंत्रालय में सिंहस्थ 2028 की सभी व्यवस्थाओं की मंजूरी और निगरानी के लिए गठित मंत्रिमंडलीय समिति की सप्तम बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में मंत्रि-मण्डलीय समिति ने पर्यवेक्षण समिति द्वारा अनुशंसित किये गये 2801.75 करोड़ रुपए की लागत के 33 प्रस्तावित कार्यों पर मंजूरी दे दी।

बिजली, स्वच्छता, सुरक्षा, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान
सिंहस्थ महाकुंभ मेले की तैयारियों को गति देने के लिए मंत्रि-मंडलीय समिति के अधीन पर्यवेक्षण समिति की 9वीं और 10वीं बैठकों में अनुशंसित कुल 33 कार्य स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किए गए। इनकी अनुमानित लागत 2801.75 करोड़ रुपए है। इनमें 9वीं बैठक के 16 कार्य (1457.04 करोड़) और 10वीं बैठक के 17 कार्य (1344.71 करोड़) शामिल हैं। ये कार्य मेला क्षेत्र में अस्थायी अधोसंरचना, बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य, अग्निशमन, यातायात, आवास और सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित अनुभव मिल सके।

निर्बाध बिजली के लिए 387.99 करोड़ की कार्ययोजना
ऊर्जा विभाग ने सिंहस्थ 2028 के दौरान मेला क्षेत्र, घाटों और प्रमुख मार्गों पर निर्बाध एवं वैकल्पिक बिजली वितरण व्यवस्था के लिए 387.99 करोड़ की अस्थायी कार्ययोजना प्रस्तुत की। इसके अंतर्गत 33/11 केवी के 5 अस्थायी उपकेंद्र, 45 किमी 33 केवी लाइन, 200 किमी 11 केवी लाइन, 550 किमी एलटी लाइन और लगभग 1000 वितरण ट्रांसफॉर्मर संरचनाएं प्रस्तावित हैं। साधु-संतों के शिविरों और संस्थानों को लगभग 4500 बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे। आपात स्थिति में भी रोशनी बनी रहे, इसके लिए 250 जनरेटर, 250 मोबाइल लाइट टॉवर, 260 रिंग मेन यूनिट और 1000 स्वचालित चेंजओवर स्विच की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा उज्जैन नगर निगम द्वारा शहर और मेला क्षेत्र में अस्थायी स्ट्रीट लाइटिंग, हाई-मास्ट, मिनी-मास्ट और सजावटी प्रकाश व्यवस्था पर 113.03 करोड़ खर्च किए जाएंगे।

स्वच्छता पर सबसे बड़ा निवेश
स्वच्छ सिंहस्थ के संकल्प के तहत उज्जैन नगर निगम ने शौचालय, मूत्रालय और स्नानघरों के निर्माण, संचालन एवं रखरखाव के लिए 393.53 करोड़ का प्रस्ताव रखा। लगभग 2584 हेक्टेयर मेला क्षेत्र में कुल 8,169 स्वच्छता सेट प्रस्तावित हैं, जिनमें 1,74,858 इकाइयां होंगी। इनमें लगभग 1.19 लाख शौचालय, 23,200 स्नानघर और 31,600 मूत्रालय शामिल हैं। सार्वजनिक शौचालय लगभग हर 500 मीटर पर उपलब्ध होंगे। घाटों पर महिला श्रद्धालुओं के लिए लगभग हर 200 मीटर पर कुल 185 चेंजिंग रूम सेट बनाए जाएंगे, जिनमें से 85 सेट सीएसआर के माध्यम से उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।

ठोस अपशिष्ट के संग्रहण-परिवहन, साफ-सफाई और वेक्टर नियंत्रण के लिए 153.73 करोड़ की योजना प्रस्तुत की गई। प्रमुख स्नान के दिनों में प्रतिदिन लगभग 2500 टन कचरा उत्पन्न होने का अनुमान है। इसके लिए 13,000 सफाई कर्मियों की दैनिक तैनाती, जीपीएस और एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर से निगरानी तथा मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और हैजा जैसे रोगों की रोकथाम के उपाय किए जाएंगे। क्षिप्रा नदी के जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए 12.33 करोड़ से इन-सीटू उपचार, बायोरेमेडिएशन और रियल-टाइम जल गुणवत्ता निगरानी प्रस्तावित है। वहीं, देवास नगर निगम द्वारा नागधम्मन नदी पर इंटेकवेल बनाकर दूषित जल को मौजूदा एसटीपी से जोड़ने का 1.50 करोड़ के कार्य भी प्रस्तावित किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान के लिए शुद्ध जल मिल सके।

स्वास्थ्य, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मेले में चिकित्सा सेवाओं के लिए 27.78 करोड़ का प्रस्ताव रखा, जिसमें दवाइयां, उपकरण, नियंत्रण कक्ष और प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शामिल हैं। अग्निशमन सेवाओं के लिए 18.23 करोड़ प्रस्तावित हैं। होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए 155.08 करोड़ का प्रस्ताव राज्य आपदा प्रबंधन निधि (SDMF) से रखा गया है। सिंहस्थ 2016 की तुलना में इस बार होमगार्ड की संख्या 8000 से बढ़ाकर 11,500 और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की संख्या 4000 से बढ़ाकर 10,000 करने की योजना/प्रस्ताव रखा गया है।

सड़क, पार्किंग और परिवहन
लोक निर्माण विभाग द्वारा मेला क्षेत्र के समतलीकरण (20.51 करोड़), 122 किमी अस्थायी सड़कों (34.82 करोड़), घाटों तक 17 किमी अस्थायी पाथ-वे (32.34 करोड़) तथा पार्किंग एवं सर्विस क्षेत्र के विकास (112.34 करोड़) के प्रस्ताव रखे गए। शहर में जयसिंहपुरा तिराहा से नरसिंह घाट पुल तक 950 मीटर मार्ग के चौड़ीकरण पर 19.66 करोड़ प्रस्तावित हैं। कार्तिक चौक से बड़ा पुल मार्ग के लिए पूर्व में 17.80 करोड़ की अनुशंसा हुई थी, अब इसे दानी गेट मार्ग के ऊपर से 6 मीटर ऊंचे सबमर्सिबल इंटीग्रेटेड ब्रिज के रूप में विकसित करने के कारण संशोधित लागत 48.85 करोड़ स्वीकृति के लिए प्रस्तुत की गई। इससे रामघाट जाने और लौटने वाले श्रद्धालुओं के मार्ग अलग रहेंगे और शाही स्नान के दिनों में भीड़ प्रबंधन आसान होगा।

उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा मेले के दौरान घाटों, अखाड़ों, पार्किंग स्थलों और परिवहन केंद्रों के बीच 2000 बसों के संचालन के लिए 45 करोड़ का प्रस्ताव रखा गया। मेला क्षेत्र और घाटों पर मार्गदर्शन के लिए 16.80 करोड़ की साइनेज व्यवस्था प्रस्तावित है, जिसमें से 14.80 करोड़ सीएसआर फण्ड से जुटाए जाएंगे।

प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण और आवास
जोनल कार्यालयों, सेक्टर कार्यालयों, उप-कार्यालयों और 40,000 लोगों की क्षमता वाली डॉरमेट्री सहित प्रशासनिक टेंट व्यवस्था के लिए 120.38 करोड़ प्रस्तावित हैं। शहर में अन्य टेंट व्यवस्था पीपीपी मॉडल पर की जाएगी। मेला प्राधिकरण द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ विक्रेताओं, होटल कर्मियों और ऑटो चालकों के प्रशिक्षण के लिए 25.15 करोड़ रुपए और साधु-संतों से संपर्क, समन्वय एवं आयोजनों के लिए 10 करोड़ रुपए का प्रस्ताव रखा गया है। उज्जैन में न्यायाधीश अतिथि गृह, चालक विश्राम गृह और सेवा भवन के निर्माण पर 19.90 करोड़ रुपए का प्रस्ताव है।

सौंदर्यीकरण और सिंहस्थ अनुभव केंद्र
शहर के 147 जंक्शनों के उन्नयन, लैंडस्केपिंग और 27 स्थलों पर प्लेस मेकिंग के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रस्ताव रखा गया है। कालिदास अकादमी परिसर में भरत विशाल रंगमंच के सामने 11.18 करोड़ से स्थायी डोम-शेड बनाया जाएगा, जिससे हर वर्ष अस्थायी डोम पर होने वाला खर्च बचेगा। आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा 90 करोड़ का "सिंहस्थ अनुभव केंद्र", जिसे पीपीपी मॉडल पर लगभग 75,000 वर्गफुट में विकसित करने का प्रस्ताव है। एआई, एआर/वीआर, होलोग्राम और प्रोजेक्शन मैपिंग जैसी तकनीकों से यहां महाकालेश्वर, समुद्र मंथन, क्षिप्रा नदी, अखाड़ा परंपरा, सांदीपनि आश्रम और विक्रमादित्य सहित 10 विषयगत जोन बनाए जाएंगे। सिंहस्थ के बाद यह उज्जैन का स्थायी पर्यटन आकर्षण का केंद्र बनेगा।

सुरक्षा व्यवस्था होगी अत्याधुनिक
गृह विभाग (पुलिस) ने सिंहस्थ की सुरक्षा के लिए कुल 1862.67 करोड़ के उपकरण और वाहन खरीदने के प्रस्ताव रखे। इनमें बम निरोधक दस्ते (BDDS) के उपकरण 207.61 करोड़, सुरक्षा उपकरण 207,33 करोड़, एटीएस उपकरण 22.92 करोड़, साइबर उपकरण 5.41 करोड़, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन उपकरण 220.06 करोड़ और वाहन 199.34 करोड़ रुपए शामिल हैं। सिंहस्थ के दौरान 100 बीडीडीएस टीमों की आवश्यकता होगी। उज्जैन के अलावा ओंकारेश्वर, महेश्वर, अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों और अंतर्राज्यीय सीमाओं की सुरक्षा के लिए ड्रोन आधारित निगरानी और एंटी-ड्रोन तकनीक भी अपनाई जाएगी।

श्रद्धालु-केंद्रित आयोजन का लक्ष्य
इन सभी प्रस्तावित कार्यों का उद्देश्य सिंहस्थ-2028 को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु केन्द्रित आयोजन बनाना है। इन कार्यों में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दूर-दराज के पार्किंग स्थलों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed