अतीत से सबक लेकर आगे बढ़ें भारत-नेपाल, बदलते क्षेत्रीय हालात पर नजर

नई  दिल्ली  भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों का राजनयिक रिश्ता नहीं, खुली सीमा, साझा संस्कृति, व्यापार और भरोसे से जुड़ा है। हालांकि राजनीतिक असंवेदनशीलता, सीमा विवाद, आर्थिक असमानता, चीन का प्रभाव और नेपाल की घरेलू राजनीति ने रिश्तों में तनाव पैदा किया है। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा ने इन्हें…

अतीत से सबक लेकर आगे बढ़ें भारत-नेपाल, बदलते क्षेत्रीय हालात पर नजर

नई  दिल्ली
 भारत और नेपाल का संबंध केवल दो पड़ोसी देशों का राजनयिक रिश्ता नहीं, खुली सीमा, साझा संस्कृति, व्यापार और भरोसे से जुड़ा है। हालांकि राजनीतिक असंवेदनशीलता, सीमा विवाद, आर्थिक असमानता, चीन का प्रभाव और नेपाल की घरेलू राजनीति ने रिश्तों में तनाव पैदा किया है। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा ने इन्हें नई दिशा देने का प्रयास किया है। अब दोनों को विश्वास, समानता और व्यावहारिक विकास पर जोर देना होगा।

मतभेद भी: भारत और नेपाल संबंध आधुनिक राज्यों के गठन से भी पुराने हैं। धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक निकटता के कारण सीमा के दोनों ओर लाखों परिवार एक-दूसरे से जुड़े हैं। नेपाल के नागरिक भारत में पढ़ाई, नौकरी और इलाज के लिए आते हैं, जबकि भारतीय नेपाल में धार्मिक यात्रा और व्यापार के लिए जाते हैं। 1950 की शांति एवं मैत्री संधि ने इस रिश्ते को औपचारिक आधार दिया। हालांकि भारत के प्रभाव और नेपाल की संप्रभुता को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद भी उभरे हैं।

विरोधी सोच से नुकसान
2015 में नेपाल ने नया संविधान लागू किया, लेकिन मधेस, थारू और अन्य सीमावर्ती समुदायों के प्रतिनिधित्व व नागरिकता संबंधी प्रावधानों पर विरोध होने लगा। सीमा पर अवरोध से जरूरी वस्तुओं की कमी हुई, जिसे नेपाल में भारतीय नाकाबंदी कहा गया। फिर तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने चीन से संबंध बढ़ाए और बेल्ट एंड रोड पहल में शामिल होने की दिशा में प्रयास किया। काठमांडू के लिए चीन विकास का विकल्प है, लेकिन भारत-विरोध और नेपाल को प्रभाव क्षेत्र मानने की सोच, दोनों रिश्तों को नुकसान पहुंचा सकती है।

नई राजनीति
 हालिया वर्षों में नेपाली राजनीति में नई पीढ़ी की आवाज मुखर हुई है। सोशल मीडिया पर प्रतिबंध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और राजनीतिक असंतोष ने युवाओं को सड़कों पर उतारा। Gen-Z आंदोलन ने स्पष्ट किया कि युवा पारदर्शिता, रोजगार, डिजिटल स्वतंत्रता और भ्रष्टाचार मुक्त शासन चाहते हैं। प्रतिबंध ने उनका असंतोष बढ़ाया और बालेंद्र शाह जैसे नए नेतृत्व को उभरने का अवसर दिया।

अमेरिका की भूमिका
 अमेरिका भी नेपाल की विदेश नीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। मिलेनियम चैलेंज कॉरपोरेशन (MCC) के जरिए उसने नेपाल के बुनियादी ढांचे में निवेश किया। हालांकि नेपाल में इसे भारत-चीन प्रतिस्पर्धा से जोड़कर राजनीतिक विवाद भी हुआ। वास्तव में नेपाल को विकास के लिए विकल्प चाहिए, न कि किसी का दबाव। भारत, चीन और अमेरिका- तीनों के साथ उसके आर्थिक और रणनीतिक संबंध महत्वपूर्ण हैं। नेपाल की चुनौती किसी एक शक्ति पर निर्भर हुए बिना अपने राष्ट्रीय हितों के अनुसार संतुलित विदेश नीति अपनाने की है।

नई दिशा
बालेंद्र शाह के नेतृत्व में भारत-नेपाल संबंधों में नई दिशा के संकेत मिले हैं। उनकी भारत यात्रा से स्पष्ट हुआ कि नेपाल अतीत की कड़वाहट को भविष्य के रिश्तों में बाधा नहीं बनाना चाहता। भारत ने भी नेपाल को सुरक्षा और राजनीतिक प्रभाव के बजाय विकास के साझेदार के रूप में देखा। दोनों देशों ने ‘विकसित भारत और समृद्ध नेपाल’ का साझा दृष्टिकोण अपनाया। इसमें आर्थिक विकास, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, जल संसाधन, जनसंपर्क, जलवायु लचीलापन, आपदा प्रबंधन, खेल, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं और अंतरिक्ष एवं नवाचार में सहयोग शामिल है।

विकास पैकेज
 भारत ने नेपाल के लिए 15,000 करोड़ रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की। इसमें 3,500 करोड़ रुपये आपदा पुनर्निर्माण और बुनियादी ढांचे के लिए अनुदान, जबकि 11,500 करोड़ रुपये ऊर्जा क्षेत्र के लिए ऋण के रूप में दिए जाएंगे। दोनों देशों ने फोरेंसिक विज्ञान, पुलिस प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, उपग्रह संचार और शहरी विकास सहित आठ क्षेत्रों में समझौते किए। साथ ही छह बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। पंचेश्वर, सप्तकोशी और सुनकोशी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण का लोकार्पण और झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल की नींव रखी गई।

गलतियों से सीखें
भारत-नेपाल संबंधों की ताकत साझा संस्कृति और जनसंपर्क है। लेकिन राजनीतिक असंवेदनशीलता इसकी कमजोरी रही है। दोनों देशों को अतीत की गलतियों से सीखकर आगे बढ़ना होगा। भारत को नेपाल की संप्रभुता और स्वतंत्र विदेश नीति का सम्मान करना चाहिए, वहीं नेपाल को भारत के साथ व्यावहारिक और समान साझेदारी बनानी होगी। हालिया घोषणाएं तभी सार्थक होंगी, जब वे धरातल पर उतरें। रेल, सड़क, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल कनेक्टिविटी में सहयोग से दोनों देश साझा विकास व भविष्य की ओर बढ़ सकते हैं।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports