,

त्योहारी मिठास में मिलावट का जहर! मुरैना में हजारों लीटर घी और मिल्क केक जांच में फेल

 मुरैना मिलावटी बताकर धौलपुर की फैक्ट्री से जिस 11,000 लीटर घी को वापस किया गया था, वह जांच में स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित बताया गया है। इस घी में शीशे की मात्रा मानकों से 10 गुना अधिक पाई गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के लिए भेजे जाने वाला 1740 किलो मिल्क केक भी…

त्योहारी मिठास में मिलावट का जहर! मुरैना में हजारों लीटर घी और मिल्क केक जांच में फेल

 मुरैना

मिलावटी बताकर धौलपुर की फैक्ट्री से जिस 11,000 लीटर घी को वापस किया गया था, वह जांच में स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित बताया गया है। इस घी में शीशे की मात्रा मानकों से 10 गुना अधिक पाई गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के लिए भेजे जाने वाला 1740 किलो मिल्क केक भी जांच में मिलावटी पाया गया है। खाद्य सुरक्षा दोनों डेयरी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

गौरतलब है, कि 15-16 नवंबर की रात में स्टेशन रोड थाना पुलिस ने 70 लाख रुपये कीमत के 11,000 लीटर घी से भरा एक टैंकर पकड़ा था। घी का यह टैंकर सिरमिती स्थित यशोदा डेयरी का था, जो धौलपुर की प्रकाश डेयरी में बिकने के लिए गया था, लेकिन प्रकाश डेयरी ने जांच में इस घी को मिलावटी बताकर खरीदने से इंकार कर दिया।

भोपाल लैब भेजे गए घी के सैंपल

मुरैना वापस आते समय पुलिस ने पकड़ा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने घी के सैंपल लेकर भोपाल लैब भेजे। वहां से आई जांच में उक्त घी में लेड (शीशे) की मिलावट मानक से 10 गुना ज्यादा बताई गई है। घी में शीशे की मौजूदगी का मानक 0.02 फीसद है, लेकिन टैंकर के घी में शीशे की मात्रा 0.22 फीसद आई है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक है।

बताया गया है, कि उक्त डेयरी पर कुछ समय पहले भी भारी मात्रा में मिलावटी सामान पकड़ा गया था, तब प्रशासन बड़ी कार्रवाई कर चुका है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता ने बताया, यशोदा डेयरी का लाइसेंस निलंबित किया जाएगा, इसकी कार्रवाई चल रही है। इसके अलावा डेयरी संचालक को नोटिस देकर घी की जांच अपने स्तर पर दोबारा कराने के निर्देश दिए जाएंगे। फिलहाल घी से भरा यह टैंकर स्टेशन रोड थाने की जब्ती में रखा है।

बिलासपुर भेजा जा रहे मिल्क केक में रिफाइंड आयल की मिलावट

31 अक्टूबर की दोपहर डिप्टी कलेक्टर उमेश अवस्थी ने खाद्य सुरक्षा विभाग व पुलिस टीम को साथ लेकर अंबाह बाईपास, इमलिया रोड स्थित श्रीहरि घनश्याम मैरिज गार्डन पर छापामार कार्रवाई की थी। यहां 58 पेटियों में 1740 किलो मिल्क केक था और चार डलियों में 120 किलो मावा है। मौके पर चलित लैब में हुई प्राथमिक जांच में मिल्क केक में मैदा व अरारोट जैसी मिलावट पाई गई, इसीलिए मिल्क केक व मावा को जब्त कर कोल्ड स्टोर में रखवा दिया गया। दोनों के सैंपल भोपाल लैब भेजे गए।

मंगलवार शाम को मिल्क केक की जांच रिपोर्ट आई है, जिसमें मिल्क केक को अमानक बताया गया है। जांच में मिल्क केक में रिफाइंड आयल, न्यूट्रीलाइजर व अरारोट जैसे पदार्थ बताए गए हैं।

बता दें कि, मुरैना की डेयरी का यह मिलावटी मिल्क केक लगभग 1900 किलोमीटर दूर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के लिए भेजा जा रहा था। लोडिंग के समय ही इसे पकड़ा गया था। अब खाद्य सुरक्षा विभाग डेयरी संचालक को नोटिस जारी कर अपने स्तर पर जांच कराने के निर्देश देगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

मिलावट के कारण दीपावली पर लाइसेंस छीना, उसी अवैध डेयरी पर पकड़ी मिलावट

मिलावटी पनीर व मावा बनाने के कारण खाद्य सुरक्षा विभाग ने दीपावली से पहले जिस डेयरी का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया था, वह बुधवार को चलती हुई मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश निम व अवनीश गुप्ता कार्रवाई करने जौरा की पगारा रोड पर स्थित नाध्या डेयरी पर पहुंचे। यहां जाकर देखा तो डेयरी में एक टिन में रिफाइंड पामोलिन आयल रखा था। डेयरी में लगभग 70 किलो पनीर रखा मिला।

मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने डेयरी संचालक अनुराग जादौन से पनीर, मिश्रित दूध एवं रिफाइंड पामोलिन तेल का नमूना जांच के लिए लिया। वहीं डेयरी में रखे पनीर एवं रिफाइंड पामोलिन तेल को जब्त किया गया। बिना लाइसेंस चल रही डेयरी पर वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports