,

सुधा बाजार में उतारेगा मखाना खीर और प्रीमियम रबड़ी, बकरी दूध भी बिकेगा

पटना  बिहार में डेयरी क्षेत्र को नई ऊंचाई देने के लिए वर्ष 2030 से पहले प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। फिलहाल राज्य में रोजाना करीब 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। लक्ष्य हासिल करने के लिए गरीब पशुपालकों को अच्छी नस्ल की गाय और भैंस…

सुधा बाजार में उतारेगा मखाना खीर और प्रीमियम रबड़ी, बकरी दूध भी बिकेगा

पटना
 बिहार में डेयरी क्षेत्र को नई ऊंचाई देने के लिए वर्ष 2030 से पहले प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। फिलहाल राज्य में रोजाना करीब 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है।

लक्ष्य हासिल करने के लिए गरीब पशुपालकों को अच्छी नस्ल की गाय और भैंस खरीदने में सरकार आर्थिक सहयोग देगी। मुख्यमंत्री गोधन विकास ऋण योजना के तहत ऋण पर लगने वाले ब्याज का भुगतान राज्य सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना के बापू सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए ये बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि बिहार में पशुपालन ग्रामीण समृद्धि और किसानों की आमदनी बढ़ाने का बड़ा माध्यम बन सकता है। सरकार दूध उत्पादन बढ़ाने के साथ डेयरी उत्पादों के प्रसंस्करण और बाजार का भी विस्तार करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले छह-सात महीनों में सुधा ने अपने दूध उत्पादन में एक लाख लीटर से अधिक की वृद्धि की है। बिहार के बाहर भी सुधा का विस्तार किया जा रहा है। असम में एक लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता की प्रसंस्करण इकाई स्थापित की गई है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बंगाल में भी एक लाख लीटर क्षमता का प्रसंस्करण संयंत्र लगाया जाएगा। सरकार सुधा को राष्ट्रीय स्तर पर बड़े डेयरी ब्रांड के रूप में स्थापित करना चाहती है।

सुधा के बाजार में आएगी मखाना खीर और प्रीमियम रबड़ी
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर सुधा के दो नए उत्पाद बाजार में उतारने की घोषणा की गई। इनमें मखाना खीर और प्रीमियम रबड़ी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मखाना और दूध के उत्पादों को एक साथ जोड़कर देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचाने की कोशिश है। इसके अलावा बकरी के दूध की बिक्री भी सुधा के माध्यम से शुरू की जाएगी। इसके लिए प्रतिदिन एक लाख लीटर दूध उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। बकरी पालन के माध्यम से छोटे किसानों को भी डेयरी कारोबार से जोड़ा जाएगा।

पंचायतों तक पहुंचेंगे सुधा केंद्र, प्रखंडों में खुलेंगे पशु औषधि केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुधा बिक्री केंद्रों का विस्तार पंचायत स्तर तक किया जाएगा। प्रत्येक प्रखंड में पशु औषधि बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर दवाएं मिल सकें। पटना और तिरहुत दुग्ध संघ में पशुओं के लिए मिनरल मिक्सचर इकाइयां भी स्थापित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महिला रोजगार योजना के माध्यम से करीब 1.87 करोड़ महिलाओं को जोड़ा गया है। इनमें लगभग 50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वर्ष 2030 से पहले एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। महिलाओं को पशुपालन से जोड़ने के लिए पशु सखी भी तैयार की जाएंगी। ये पशुओं की देखभाल, दूध उत्पादन और पशु आधारित उत्पादों के उपयोग में सहयोग करेंगी।

गोबर से गैस उत्पादन के लिए 50 प्रस्ताव
पशुपालन को स्वच्छ ऊर्जा और जैविक खेती से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने सीबीजी (कंप्रेस्ड बायोगैस) नीति बनाई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके तहत राज्य में गैस संयंत्र स्थापित करने के लिए करीब 50 प्रस्ताव मिले हैं। सरकार इन्हें मंजूरी देकर गोबर से गैस उत्पादन को बढ़ावा देगी।

उन्होंने कहा कि गोधन का उपयोग अब केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और ऊर्जा उत्पादन में भी इसकी भूमिका होगी।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार से चयनित पशुपालकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान बुनियादी पशुपालन सांख्यिकी-2025 का विमोचन और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए विकसित भारत-2047 का रोडमैप भी शुरू किया गया।

मुख्यमंत्री ने समस्तीपुर को बिहार में दूध उत्पादन का प्रमुख केंद्र बताते हुए वहां के पशुपालकों की सराहना की।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports