,

पटना साहिब में दिसंबर से दिखेगी मंगल तालाब की नई रौनक, नौका विहार और लेजर शो आकर्षण

 पटना पटना साहिब की ऐतिहासिक पहचान में शामिल लगभग 2600 वर्ष पुराने गांधी सरोवर (मंगल तालाब) की सूरत दिसंबर के अंत तक बदल जाएगी। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से करीब 14.05 करोड़ रुपये की लागत से तालाब और आसपास के क्षेत्र का विकास एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। 360वें प्रकाशपर्व के…

पटना साहिब में दिसंबर से दिखेगी मंगल तालाब की नई रौनक, नौका विहार और लेजर शो आकर्षण

 पटना
पटना साहिब की ऐतिहासिक पहचान में शामिल लगभग 2600 वर्ष पुराने गांधी सरोवर (मंगल तालाब) की सूरत दिसंबर के अंत तक बदल जाएगी।

बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से करीब 14.05 करोड़ रुपये की लागत से तालाब और आसपास के क्षेत्र का विकास एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।

360वें प्रकाशपर्व के अवसर पर देश-विदेश से पटना साहिब पहुंचने वाली संगतों और पर्यटकों के लिए यह क्षेत्र आकर्षण का नया केंद्र बनेगा। 25 एकड़ में फैले काजू के आकार के इस ऐतिहासिक तालाब को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के कार्यपालक अभियंता रामानुज प्रसाद ने गुरुवार शाम बताया कि परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। अब तक 10 दुकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग ब्लाक शौचालय बनाए गए हैं।

पाथवे के निर्माण के लिए पाइलिंग कर रिटेनिंग वाल तैयार की गई है। अब छड़ मोड़ने के बाद पाथवे का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद गांधी सरोवर परिसर पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों के लिए भी मनोरंजन और सैर-सपाटे का प्रमुख केंद्र बनेगा।

नौका विहार और लेजर शो से बढ़ेगी रौनक
गांधी सरोवर में पर्यटकों के मनोरंजन के लिए नौका विहार की सुविधा विकसित की जाएगी। तालाब में रंग-बिरंगी रोशनी से सुसज्जित म्यूजिकल झरना बनाया जाएगा। भारतीय शास्त्रीय संगीत के साथ बिहार के लोकगीतों की धुन पर पानी के फव्वारे थिरकेंगे।

वहीं, खुले आसमान के नीचे लेजर शो के माध्यम से भारतीय संस्कृति, बिहार की गौरवशाली परंपरा, ऐतिहासिक विरासत और विकास की झलक दिखाई जाएगी। तालाब के चारों ओर दर्शकों के बैठने के लिए आकर्षक और सुविधाजनक गैलरी भी बनाई जाएगी।

बच्चों से बुजुर्गों तक के लिए होंगी सुविधाएं
परिसर में बच्चों के लिए पार्क, युवाओं के लिए ओपन जिम और सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए जॉगिंग एवं वाकिंग ट्रैक विकसित किए जाएंगे। योगाभ्यास के लिए अलग स्थल बनाया जाएगा। रंग-बिरंगे फूलों से सजे बगीचे के साथ हर्बल उद्यान भी तैयार होगा।

लोगों के बैठने और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए गार्डेन चेयर तथा छतरी वाली सीमेंटेड कुर्सियों की व्यवस्था होगी।

इसके अलावा शुक्रवार गुलजार और शनिवार बहार जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इससे स्थानीय लोगों को मनोरंजन के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

ऐतिहासिक धरोहरों का भी होगा कायाकल्प
गांधी सरोवर के किनारे स्थित ऐतिहासिक बिहार हितैषी पुस्तकालय और अतिप्राचीन खानकाह इमादिया इस क्षेत्र की विशेष पहचान हैं। पन्ना लाल यादव मुक्ताकाश मंच के साथ परिसर के आसपास बने भवनों का भी जीर्णोद्धार कर उन्हें जनोपयोगी बनाया जा रहा है।

इससे पटना साहिब आने वाले पर्यटक धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से भी रूबरू हो सकेंगे।

120 फीट ऊंचा तिरंगा बढ़ाएगा देशभक्ति का गौरव
परिसर के उत्तरी प्रवेश द्वार पर 120 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाएगा। वहीं, पूर्वी प्रवेश द्वार पर पांच सुनहरी मछलियों की आकर्षक स्थायी कलाकृतियां बनाई जाएंगी।

उत्तरी द्वार पर खुले पिंजरे से आसमान की ओर उड़ती तीन सुनहरी चिड़ियों की कलाकृति भी लोगों को आकर्षित करेगी। परिसर की दीवारों को भी कलात्मक तरीके से सजाया जाएगा।

फूड प्लाजा, पार्किंग और सुरक्षा की व्यवस्था
पर्यटकों को पारंपरिक बिहारी व्यंजनों का स्वाद चखाने के लिए फूड प्लाजा और फूड कार्नर बनाए जा रहे हैं। परिसर के प्रवेश द्वार के समीप वाहनों की सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था होगी। उत्तरी गेट के पास प्रशासनिक भवन का निर्माण किया जाएगा।

सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होगी। विकास कार्य पूरा होने के बाद गांधी सरोवर न केवल पटना सिटी के लोगों के लिए मनोरंजन का नया केंद्र बनेगा, बल्कि पटना साहिब के पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports