,

झारखंड के सारंडा वन क्षेत्र में अधिकारियों की कमी, 31 हजार हेक्टेयर अभयारण्य पर भी संकट

चाईबासा एशिया के प्रसिद्ध साल वनों में शामिल सारंडा वन प्रमंडल में पिछले 17 दिनों से डीएफओ का पद रिक्त है। राज्य सरकार ने 10 नवंबर को 39 भारतीय वन सेवा (आइएफएस) अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की थी। इसमें सारंडा के डीएफओ अविरूप सिन्हा का स्थानांतरण लातेहार कर दिया गया था, लेकिन उनके…

झारखंड के सारंडा वन क्षेत्र में अधिकारियों की कमी, 31 हजार हेक्टेयर अभयारण्य पर भी संकट

चाईबासा
एशिया के प्रसिद्ध साल वनों में शामिल सारंडा वन प्रमंडल में पिछले 17 दिनों से डीएफओ का पद रिक्त है। राज्य सरकार ने 10 नवंबर को 39 भारतीय वन सेवा (आइएफएस) अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की थी।

इसमें सारंडा के डीएफओ अविरूप सिन्हा का स्थानांतरण लातेहार कर दिया गया था, लेकिन उनके स्थान पर अब तक किसी नए अधिकारी की पदस्थापना नहीं की गई है। इससे सारंडा जैसे महत्वपूर्ण वन क्षेत्र में वन सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पदस्थापना नहीं होने से असमंजस की स्थिति
गौरतलब है कि पड़ोसी चाईबासा और पोड़ाहाट वन प्रमंडलों में नए डीएफओ की नियुक्ति हो चुकी है, लेकिन सारंडा में अब तक पदस्थापना नहीं होने से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। यह वन प्रमंडल पहले से ही कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रहा है।

स्थिति यह है कि एक-एक वन क्षेत्र पदाधिकारी को 15-16 रेंज का प्रभार है संभालना पड़ रहा है। ऐसे में नियमित वन गश्ती, अवैध कटाई पर रोक और वन संपदा की निगरानी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी असर पड़ने की आशंका
स्थायी डीएफओ नहीं होने से इन कार्यों की समीक्षा और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी असर पड़ने की आशंका है। सारंडा हाथियों के महत्वपूर्ण गलियारे के रूप में भी जाना जाता है। क्षेत्र में आइईडी धमाकों से हाथियों के घायल होने की घटनाओं को देखते हुए आनंदपुर और नोवामुंडी में रेस्क्यू सेंटर बनाए जा रहे हैं।

इन केंद्रों के निर्माण, निगरानी और संचालन के साथ मानव-हाथी संघर्ष रोकने की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय नेतृत्व जरूरी है। डीएफओ का पद रिक्त रहने से इन कार्यों के समन्वय और निगरानी पर असर पड़ सकता है।

वन्यजीव अभयारण्य घोषित करने का मामला
वहीं, सारंडा के 31,468 हेक्टेयर क्षेत्र को सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार वन्यजीव अभयारण्य घोषित करने का मामला भी महत्वपूर्ण है। इसके लिए जरूरी विभागीय प्रक्रिया, वन्यजीव संरक्षण की कार्ययोजना और खनन गतिविधियों पर नियंत्रण जैसे विषयों पर ठोस निर्णय लेने की आवश्यकता है।

सारंडा में खनन और वन संरक्षण के बीच संतुलन बनाना बड़ी चुनौती है। ऐसे में कर्मचारियों की कमी के साथ डीएफओ का पद रिक्त रहना वन विभाग की कार्यप्रणाली के लिए अतिरिक्त चुनौती बन गया है। अब निगाहें राज्य सरकार पर टिकी हैं कि सारंडा जैसे संवेदनशील वन क्षेत्र में स्थायी डीएफओ की नियुक्ति कब तक की जाती है।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports