,

साइबर ठगी रोकने के लिए 24 घंटे में तकनीकी समाधान तैयार करेंगी 35 टीमें

जयपुर  साइबर अपराधी हर दिन ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। कभी फिशिंग लिंक तो कभी फर्जी वेबसाइट। सोशल मीडिया और टेलीग्राम के जरिए भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में साइबर अपराधियों से आगे रहने के लिए राजस्थान पुलिस तकनीक और नवाचार को अपना रही है। इसी दिशा में राजस्थान…

साइबर ठगी रोकने के लिए 24 घंटे में तकनीकी समाधान तैयार करेंगी 35 टीमें

जयपुर
 साइबर अपराधी हर दिन ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। कभी फिशिंग लिंक तो कभी फर्जी वेबसाइट। सोशल मीडिया और टेलीग्राम के जरिए भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे में साइबर अपराधियों से आगे रहने के लिए राजस्थान पुलिस तकनीक और नवाचार को अपना रही है। इसी दिशा में राजस्थान पुलिस और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से शनिवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में दो दिवसीय ‘साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026‘ का आगाज हुआ।

आरपीए में महानिदेशक पुलिसराजीव कुमार शर्मा ने उद्घाटन किया। इसमें देशभर से 35 टीमें साइबर अपराधों की जांच, रोकथाम और ठगी की रकम की रिकवरी को आसान बनाने के लिए तकनीकी समाधान विकसित करेंगी। ये टीमें 24 घंटे में लगातार काम कर ऐसे तकनीकी समाधान विकसित करेंगी, जो पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के साथ आमजन के लिए उपयोगी साबित हों।  

डीजीपी शर्मा ने कहा कि वर्तमान में साइबर अपराध के साथ-साथ युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपराध एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में धकेलने की घटनाएं भी गंभीर चुनौती बन रही हैं। इन उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए राजस्थान पुलिस निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रोत्साहन एवं सहयोग के साथ साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस तंत्र को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

शर्मा ने कहा कि इसी दिशा में प्रदेश में राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) के गठन की पहल की गई है। इससे काफी प्रगति हुई है और आगे साइबर अपराध नियंत्रण के प्रयासों को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि हैकाथॉन के लिए चयनित पांचों समस्याओं के विषय अत्यंत प्रासंगिक हैं। ये केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को भी प्रतिदिन प्रभावित करने वाली चुनौतियां हैं। देशभर से आए प्रतिभागियों की प्रतिभा, उत्साह और तकनीकी दक्षता से इन चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान मिलने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रतिभागी ऐसे व्यावहाकिर तकनीकी समाधान विकसित करेंगे, जिनसे पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।  

समाधान सरल, व्यावहारिक और किफायती हों
डीजीपी ने प्रतिभागियों से कहा कि वे ऐसे समाधान विकसित करें, जो केवल अकादमिक अभ्यास तक सीमित न हों, बल्कि वास्तविक पुलिसिंग में उपयोगी साबित हों। समाधान सरल, व्यावहारिक और किफायती होने चाहिए, ताकि पुलिस के प्रत्येक स्तर का अधिकारी उन्हें आसानी से समझकर इस्तेमाल कर सके। उन्होंने कहा कि हैकाथॉन में विकसित किसी समाधान की उपयोगिता प्रमाणित होने पर उसे प्रदेशभर में लागू किया जाएगा। संबंधित टीम और संस्थान के योगदान को पहचान दी जाएगी।

विशेषज्ञों से पुलिस का हमेशा रहेगा जुड़ाव
शर्मा ने कहा कि हैकाथॉन का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा और कौशल को बेहतर पुलिसिंग से जोड़ना भी है। राजस्थान पुलिस का प्रयास रहेगा कि प्रतिभागियों को भविष्य में स्टार्टअप, नवाचार और अन्य तकनीकी अवसरों के माध्यम से भी सहयोग एवं मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने प्रतिभागियों को आश्वस्त किया कि पुलिस के साथ उनका यह जुड़ाव निरंतर बना रहेगा। भविष्य में भी उनके विचारों एवं समाधानों का स्वागत किया जाएगा।

डीजी कानून एवं व्यवस्थासंजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि साइबर अपराध जैसी व्यापक चुनौती से निपटने के लिए आम नागरिकों, विद्यार्थियों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों, शिक्षाविदों और तकनीकी विशेषज्ञों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। राजस्थान पुलिस ने साइबर प्रशिक्षण, साइबर पुलिस थानों और साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर के माध्यम से अपनी क्षमताएं विकसित की हैं। इसमें जनजागरूकता और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिसवी.के. सिंह ने कहा कि साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार, तार्किक सोच और ईमानदारी से किए गए प्रयासों की अहम भूमिका है। उन्होंने प्रतिभागियों को समर्पण और रचनात्मकता के साथ समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हैकाथॉन के उददेश्यों तथा साइबर क्राइम की रोकथाम के लिए राजस्थान पुलिस के प्रयासों और भावी कार्ययोजनाओं के बारे में बताया।
 
पांच चुनौतियां, तकनीकी समाधान पर मंथन
पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइमसुमित मेहरड़ा ने बताया कि हैकाथॉन में पांच प्रमुख चुनौतियां रखी गई हैं। इनमें स्कैम मैसेज और फिशिंग लिंक की पहचान, वित्तीय अपराधों एवं मनी ट्रेल का विश्लेषण, एआई आधारित सीडीआर-आईपीडीआर विश्लेषण प्रणाली, सोशल मीडिया एवं टेलीग्राम मॉनिटरिंग और एटीएम फुटेज का विश्लेषण शामिल है। इन समस्याओं पर टीमें ऐसे टूल और सिस्टम विकसित करेंगी, जिनसे पुलिस की जांच अधिक तेज और प्रभावी हो सके।

देशभर की 35 टीमें
हैकाथॉन के लिए देशभर से 35 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें जयपुर, सूरतगढ़, पुणे, पंजाब, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पटना और तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी शामिल हैं।

एग्जीबिशन में साइबर सुरक्षा के नए प्रयोग
हैकाथॉन में साइबर सुरक्षा से जुड़े तकनीकी समाधानों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें एआई आधारित साइबर सॉल्यूशन, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, फॉरेंसिक साइंस और डेटा एनालिसिस से जुड़ी तकनीकें प्रदर्शित की गईं। इसके साथ कैप्चर द फ्लैग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

समारोह में राजस्थान पुलिस और बैंकिंग सेक्टर के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी, साइबर विशेषज्ञ, विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports