,

शीतलहर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

भोपाल  प्रदेश में आगामी दिनों में शीतलहर की संभावनाओं के दृष्टिगत लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से शीतलहर के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने, मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने…

शीतलहर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

भोपाल 

प्रदेश में आगामी दिनों में शीतलहर की संभावनाओं के दृष्टिगत लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से शीतलहर के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने, मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है। प्रदेश में सामान्यतः दिसम्बर एवं जनवरी माह में शीतलहर का प्रभाव अधिक देखने को मिलता है। अत्यधिक ठंड से शरीर का तापमान सामान्य से कम हो सकता है, जिसे हाइपोथर्मिया कहते हैं। इसके अतिरिक्त शीतदंश (फ्रॉस्टबाइट) सहित ठंड से जुड़ी अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं। गंभीर परिस्थितियों में यह जानलेवा भी हो सकता है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

शीतलहर से बचाव के लिए बरतें सावधानियां

             पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें। एक मोटे वस्त्र के स्थान पर कई परतों में गर्म वस्त्र पहनना अधिक प्रभावी है।

             सिर, गर्दन, कान, हाथ एवं पैरों को अच्छी तरह ढककर रखें। टोपी, मफलर, दस्ताने एवं गर्म जूतों का उपयोग करें।

             अत्यधिक ठंड एवं ठंडी हवाओं के संपर्क में आने से बचें। अनावश्यक यात्रा एवं घर से बाहर निकलने से परहेज करें।

             संतुलित एवं पौष्टिक आहार लें। विटामिन-सी युक्त फल एवं सब्जियों का सेवन करें।

             नियमित रूप से गर्म पेय एवं पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।

             गीले कपड़े तत्काल बदलें तथा शरीर को सूखा रखें।

             बुजुर्गों, बच्चों एवं अकेले रहने वाले व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।

             मदिरा के सेवन से बचें। बंद कमरे में अंगीठी या कोयला जलाकर न सोएं।

             मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनियों से नियमित रूप से अवगत रहें।

हाइपोथर्मिया के लक्षणों को पहचानें, तत्काल लें चिकित्सकीय सहायता

अत्यधिक कंपकंपी, थकान, बोलने में कठिनाई, भ्रम की स्थिति, अत्यधिक नींद आना, मांसपेशियों में अकड़न, सांस की गति धीमी होना एवं बेहोशी हाइपोथर्मिया के प्रमुख लक्षण हैं। शिशुओं में त्वचा का अत्यधिक ठंडा एवं लाल होना तथा असामान्य सुस्ती इसके संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर प्रभावित व्यक्ति को तत्काल गर्म एवं सुरक्षित स्थान पर ले जाएं। गीले कपड़े हटाकर सूखे गर्म वस्त्र एवं कंबल से शरीर को ढकें। पूरी तरह होश में होने और निगलने में सक्षम होने पर ही गर्म पेय पदार्थ दें। बेहोश व्यक्ति को कुछ भी खाने-पीने के लिए न दें। हाइपोथर्मिया एक चिकित्सकीय आपात स्थिति है, इसलिए प्रभावित व्यक्ति को तत्काल निकटस्थ स्वास्थ्य संस्था में पहुंचाएं।

शीतदंश के लक्षणों की अनदेखी न करें

लंबे समय तक अत्यधिक ठंड के संपर्क में रहने से हाथ-पैर की उंगलियों, नाक एवं कानों में सुन्नता, त्वचा का सफेद या पीला पड़ना, त्वचा का सख्त होना अथवा छाले पड़ना शीतदंश के लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में प्रभावित हिस्से को रगड़ने अथवा सीधे आग या हीटर से गर्म करने से बचें और तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें।

स्वास्थ्य संस्थाओं को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग ने समस्त चिकित्सा महाविद्यालयों के अधिष्ठाताओं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों तथा सिविल सर्जनों को शीतलहर से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार के लिए आवश्यक औषधियों एवं चिकित्सकीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन के समन्वय से संवेदनशील एवं निराश्रित व्यक्तियों के लिए रैन बसेरों में गर्म वस्त्र, कंबल, ताप व्यवस्था एवं आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को शीतलहर के लक्षणों, बचाव एवं प्राथमिक उपचार के संबंध में प्रशिक्षित करने तथा जनसमुदाय में व्यापक जागरूकता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि शीतलहर के दौरान सतर्क रहें, आवश्यक सावधानियों का पालन करें तथा स्वयं के साथ अपने परिवार एवं आसपास के जरूरतमंद व्यक्तियों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। मौसम संबंधी अद्यतन जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट mausam.imd.gov.in से भी प्राप्त की जा सकती है।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports