,

आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के ब्रह्मलीन होने पर पर्यटन मंत्री ने जताया गहरा शोक

सनातन धर्म और आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति, राजिम कुंभ में प्रतिवर्ष मिलता था महाराजश्री का सानिध्य और आशीर्वाद : मंत्री अग्रवाल रायपुर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर, निर्वाण पीठाधीश्वर एवं बीकानेर राजघराने के राजगुरु परम पूज्य स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के ब्रह्मलीन होने पर गहरा…

आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के ब्रह्मलीन होने पर पर्यटन मंत्री ने जताया गहरा शोक

सनातन धर्म और आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति, राजिम कुंभ में प्रतिवर्ष मिलता था महाराजश्री का सानिध्य और आशीर्वाद : मंत्री अग्रवाल

रायपुर
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर, निर्वाण पीठाधीश्वर एवं बीकानेर राजघराने के राजगुरु परम पूज्य स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के ब्रह्मलीन होने पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। स्वामी विशोकानंद भारती महाराज 74 वर्ष की आयु में नई दिल्ली में ब्रह्मलीन हो गए। उनके ब्रह्मलीन होने से देशभर के संत समाज, शिष्यों एवं श्रद्धालुओं में शोक की लहर है।

मंत्री अग्रवाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि परम पूज्य स्वामी विशोकानंद भारती महाराज का संपूर्ण जीवन सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, वैदिक संस्कृति के संरक्षण, आध्यात्मिक चेतना के जागरण एवं मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनका तपस्वी जीवन, त्याग, सादगी, विद्वता और सेवाभाव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका ब्रह्मलीन होना न केवल संत समाज, बल्कि संपूर्ण सनातन धर्म और आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

मंत्री अग्रवाल ने स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के छत्तीसगढ़ से आत्मीय जुड़ाव का स्मरण करते हुए कहा कि महाराजश्री प्रतिवर्ष छत्तीसगढ़ के प्रयागराज के रूप में विख्यात पवित्र तीर्थस्थल राजिम में आयोजित राजिम कुंभ में पधारकर अपना सानिध्य एवं आशीर्वाद प्रदान करते थे। उनके आध्यात्मिक मार्गदर्शन, अमृतमयी वाणी और दिव्य आशीर्वाद से प्रदेश के श्रद्धालु लाभान्वित होते रहे हैं। राजिम कुंभ की आध्यात्मिक गरिमा को बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। महाराजश्री का छत्तीसगढ़ के प्रति विशेष स्नेह और आत्मीयता सदैव हमारी स्मृतियों में जीवंत रहेगी। राजिम कुंभ में उनके सानिध्य और आशीर्वाद की कमी हमेशा महसूस होगी।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि स्वामी विशोकानंद भारती महाराज भारतीय ज्ञान परंपरा, वैदिक शिक्षा और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रखर संवाहक थे। उन्होंने अपने ज्ञान, साधना और आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से समाज को धर्म, सदाचार, मानवता, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनके जीवन के उच्च आदर्श आने वाली पीढ़ियों का सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि स्वामी विशोकानंद भारती महाराज का देश के संत समाज में अत्यंत सम्मानजनक स्थान था। वे काशी के गोविंद मठ की आचार्य परंपरा के छठवें संत थे। 24 मार्च 2014 को काशी में विधि-विधानपूर्वक उनका आचार्य महामंडलेश्वर के रूप में पट्टाभिषेक किया गया था। वे सनातन धर्म की प्रमुख 13 अखाड़ा परंपराओं में शामिल पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर के रूप में धर्म और संस्कृति की सेवा में निरंतर सक्रिय रहे।

स्वामी विशोकानंद भारती महाराज बीकानेर राजघराने के राजगुरु भी थे। हरिद्वार, बीकानेर और गुजरात में स्थित आश्रमों के माध्यम से उन्होंने आध्यात्मिक चेतना के प्रसार और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गुजरात और पंजाब में गुरुकुल पद्धति पर आधारित सात शिक्षण संस्थाओं के संचालन के माध्यम से उन्होंने वैदिक शिक्षा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का उल्लेखनीय कार्य किया। हरिद्वार में सोमेश्वर धाम की स्थापना भी उनके महत्वपूर्ण आध्यात्मिक योगदानों में शामिल है।

महाराजश्री के ब्रह्मलीन होने पर महानिर्वाणी अखाड़े में 16 दिवस तथा जूना अखाड़े में तीन दिवस का शोक घोषित किया गया है। राजस्थान के बीकानेर स्थित राजगुरु मठ में आज 29 नवंबर को उनका समाधि संस्कार निर्धारित है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने भगवान राजीव लोचन और भगवान भोलेनाथ से ब्रह्मलीन संत की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा समस्त संत समाज, शिष्यों, अनुयायियों एवं श्रद्धालुओं को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि पूज्य महाराजश्री भले ही आज हमारे बीच भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, किंतु उनकी पावन शिक्षाएं, आध्यात्मिक विरासत और दिव्य आशीर्वाद सदैव हमारे साथ रहेंगे।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports