,

PM Modi Punjab Visit: 17 जुलाई के दौरे से बीजेपी के ‘मिशन आत्मनिर्भर’ को रफ्तार, चुनावी तैयारियां तेज

चंडीगढ़  पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछाई जाने लगी है. आम आदमी पार्टी अपनी सत्ता को बचाए रखने की जंग लड़ रही है तो कांग्रेस वापसी के लिए बेताब है. पंजाब में बीजेपी अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. बीजेपी के मिशन पंजाब को धार देने के लिए…

PM Modi Punjab Visit: 17 जुलाई के दौरे से बीजेपी के ‘मिशन आत्मनिर्भर’ को रफ्तार, चुनावी तैयारियां तेज

चंडीगढ़ 
पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछाई जाने लगी है. आम आदमी पार्टी अपनी सत्ता को बचाए रखने की जंग लड़ रही है तो कांग्रेस वापसी के लिए बेताब है. पंजाब में बीजेपी अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. बीजेपी के मिशन पंजाब को धार देने के लिए पीएम मोदी उतर रहे हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 जुलाई को पंजाब दौरा प्रस्तावित है. विधानसभा चुनाव से पहले  राज्य में संगठन और जनाधार मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है. पीएम मोदी का पंजाब दौरा इसी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। 

पंजाब में अकाली दल के साथ बीजेपी अभी तक चुनाव लड़ती रही है, लेकिन किसान आंदोलन के दौरान दोनों के रिश्ते टूट गए हैं. बीजेपी इस बार राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर पूरी ताकत से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. ऐसे में पीएम मोदी ने अब पंजाब में बीजेपी के चुनावी एजेंडे और तैयारी को धार देने की रणनीति बनाई है। 

विकास की सौगात से पंजाब जीतने का प्लान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई 2026 को पंजाब के दौर पर पहुंच रहे हैं. इस दौरान वे राज्य को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जिसमें मुख्य आकर्षण 125 करोड़ रुपये की लागत से विकसित 'जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन' का उद्घाटन करेंगे. करीब 110 साल पुराने इस रेलवे स्टेशन का रिडेवलप लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। 

परियोजना के दौरान स्टेशन की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखा गया है.साथ ही डिजाइन में पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी शामिल की गई है, जिससे स्टेशन आधुनिक होने के साथ अपनी पारंपरिक पहचान भी बनाए रखेगा. इसके साथ ही पीएम मोदी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और नई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे. विकास की सौगात से पंजाब को साधने का प्लान पीएम मोदी ने बनाया है। 

मिशन पंजाब को फतह करने का बीजेपी प्लान
 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर शिरोमणि अकाली दल से करीब साढ़े तीन दशक पुराना गठबंधन टूटने के बाद  से बीजेपी ने पंजाब में अपनी अलग ही राजनीतिक पहचान मजबूत करने पर फोकस बढ़ाया है. वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने सहयोगियों के साथ चुनाव लड़ा था, लेकिन प्रदर्शन सीमित रहा था. बीजेपी का मत प्रतिशत करीब छह से सात फीसदी के बीच रहा, जबकि आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया. इसके बाद से बीजेपी ने लगातार अपना वोट बैंक को बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने में जुटी है। 

पंजाब में बीजेपी अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर चुकी है. भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने हाल ही में तीन दिवसीय पंजाब का दौरा किया था. इस दौरे पर नितिन नवीन ने राज्यभर में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर संगठन को नई ऊर्जा देने का काम किया था. केंद्रीय मंत्री रवनीत  बिट्टू को मिशन पंजाब का जिम्मा सौंपा है।  

पंजाब में आत्म निर्भर बनने में जुटी बीजेपी
अकाली दल के साथ गठबंधन टूटने के बाद से बीजेपी पंजाब में आत्मनिर्भर बनने की कवायद में जुटी है. बीजेपी अपने संगठन को प्रदेश भर में खड़े करने में जुटी है तो साथ ही राज्य के कुछ बड़े नेताओं को जोड़ा है. कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे सुनील जाखड़ से लेकर कैप्टन अमरिंदर सिंह तक बीजेपी खेमे में अब हैं. रवनीत बिट्टू से लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों तक कांग्रेस से आए हैं। 

बीजेपी ने बड़े नेताओं को जोड़ने के साथ-साथ बूथ स्तर तक संगठन विस्तार का अभियान चलाया है. बीजेपी का विशेष फोकस शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दोआबा, माझा और मालवा पर है. बीजेपी अनुसूचित जाति, युवा, व्यापारी, किसान और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए अलग-अलग अभियान चलाए जा रहे हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह पिछले पांच महीनों में दूसरा पंजाब दौरा होने जा रहा है. इससे पहले प्रधानमंत्री एक फरवरी को जालंधर आए थे. इसी अवधि में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी पंजाब का दौरा कर चुके हैं. लगातार हो रहे इन दौरों को भाजपा के मिशन पंजाब का हिस्सा माना जा रहा है और इससे पार्टी की चुनावी सक्रियता बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। 

पंजाब में बीजेपी का 117 सीट पर लड़ने का प्लान
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने वोट प्रतिशत को सीटों में बदलने की है. इसके लिए प्रधानमंत्री की लोकप्रियता के साथ मजबूत स्थानीय नेतृत्व, प्रभावी उम्मीदवार, संगठन की मजबूती और क्षेत्रीय मुद्दों पर स्पष्ट रणनीति भी अहम होगी. बीजेपी पंजाब में केंद्र सरकार की विकास योजनाओं, राष्ट्रीय सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और निवेश को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है। 

प्रधानमंत्री मोदी का प्रस्तावित दौरा केवल जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के उद्घाटन तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे भाजपा के मिशन पंजाब को नई गति देने और 117 सीटों पर चुनावी तैयारी का राजनीतिक संदेश भी माना जा रहा है. आने वाले महीनों में पार्टी की रणनीति और संभावित चुनावी गठबंधनों पर भी राजनीतिक नजरें टिकी रहेंगी। 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports