,

केयरटेकर निकली कातिल! पटियाला में बुजुर्ग महिला की हत्या, बेटे ने CCTV फुटेज से खोला राज

पटियाला. पटियाला जिले के राजपुरा के थाना सदर क्षेत्र के गांव गद्दोमाजरा में 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जिस महिला को उनकी देखभाल के लिए घर में रखा गया था, उसी पर उनकी हत्या करने का आरोप लगा है। परिवार को पहले लगा कि बुजुर्ग महिला की…

केयरटेकर निकली कातिल! पटियाला में बुजुर्ग महिला की हत्या, बेटे ने CCTV फुटेज से खोला राज

पटियाला.

पटियाला जिले के राजपुरा के थाना सदर क्षेत्र के गांव गद्दोमाजरा में 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जिस महिला को उनकी देखभाल के लिए घर में रखा गया था, उसी पर उनकी हत्या करने का आरोप लगा है।

परिवार को पहले लगा कि बुजुर्ग महिला की स्वाभाविक मौत हुई है, लेकिन घर में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग ने पूरी कहानी बदल दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित केयरटेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 86 वर्षीय मनजीत कौर के रूप में हुई है। वह गांव गद्दोमाजरा में अपने मकान में अकेली रहती थीं। उनके घर की दीवार परिवार के दूसरे मकान से जुड़ी हुई थी। उनकी देखभाल के लिए जून महीने में गांव की रहने वाली 60 वर्षीय सुनीता कौर को केयरटेकर के रूप में रखा गया था। परिवार ने उसे 15 हजार रुपये मासिक वेतन पर नियुक्त किया था और 50 हजार रुपये अग्रिम भी दिए थे।

सुबह कहा- आंख नहीं खुली, परिवार को नहीं हुआ शक
परिवार के अनुसार 22 जुलाई की सुबह करीब सवा दस बजे छोटी बहू परविंदर कौर अपनी सास के कमरे में पहुंची। उस समय मनजीत कौर चारपाई पर लेटी हुई थीं। आवाज देने पर भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। आसपास के लोगों को बुलाया गया तो पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। केयरटेकर ने परिवार को बताया कि सुबह अचानक उनकी आंख नहीं खुली। घटना की सूचना मिलने पर मृतका का बड़ा बेटा जसविंदर सिंह स्पेन से भारत लौटा। मां की मौत को लेकर उसे संदेह हुआ, जिसके बाद उसने घर में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी।

कैमरे की रिकॉर्डिंग ने खोल दिया हत्या का राज
परिवार के अनुसार रिकॉर्डिंग में दिखाई दिया कि घटना वाले दिन सुबह मनजीत कौर घर की लॉबी में पड़ी थीं। इसके बाद केयरटेकर उन्हें उठाकर चारपाई पर लिटाती है और फिर कथित तौर पर तकिए से उनका मुंह दबा देती है। फुटेज देखने के बाद परिवार स्तब्ध रह गया और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई कि बुजुर्ग महिला बीमारी के कारण कई बार बिस्तर पर ही शौच कर देती थीं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह पहलू भी सामने आया है कि सफाई करने को लेकर केयरटेकर नाराज रहती थी। पुलिस इसी एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मृतका की छोटी बहू परविंदर कौर के बयान के आधार पर थाना सदर राजपुरा पुलिस ने आरोपित सुनीता कौर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। थाना सदर राजपुरा के प्रभारी किरपाल सिंह मोही ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पूछताछ की जा सके। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया था। रविवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports