उज्जैन
विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के दरबार में रोजाना लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन लगा रहता है. श्रद्धालु की बेहतर सुविधा के लिए मंदिर समिति समय-समय पर महत्वपूर्ण फैसला लेती है. बता दें, 2028 में सिंहस्थ (महाकुंभ) का आयोजन उज्जैन में होने जा रहा है. इसमें करोड़ों भक्तों उज्जैन पहुंचेंगे. इसी को ध्यान में रखते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति की बैठक आयोजित की गई. इसमें श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 300 करोड़ का बजट पास हुआ।
दरअसल, श्री महाकालेश्वर मंदिर की प्रबंध समिति की बैठक महाकाल महालोक कंट्रोल रूम में हुई. बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने, डिजिटल सिस्टम को मजबूत करने और सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर अहम फैसले लिए गए. कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के भुगतान को मंजूरी मिली. वहीं, दर्शन व्यवस्था को और सुगम बनाने के निर्देश दिए गए. साथ ही कंट्रोल रूम के एकीकरण पर सहमति बनी, ताकि व्यवस्थाएं अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित हो सकें।
अब गर्मी और बारिश से राहत पाएंगे महाकाल के श्रद्धालु
उज्जैन के महाकाल महालोक में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. मंदिर प्रशासन के अनुसार, करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से पूरे दर्शन मार्ग पर आधुनिक फैब्रिकेशन शेड तैयार किए जाएंगे. ये शेड त्रिवेणी गेट से लेकर नंदी द्वार होते हुए बड़े गणेश मंदिर तक लगाए जाएंगे. इस पहल से गर्मी और बारिश में आने वाले भक्तों को काफी राहत मिलेगी. खास बात यह है कि निर्माण कार्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत महाकाल लोक की भव्यता और डिजाइन के अनुरूप ही किया जाएगा।
महाकाल मंदिर का 299 करोड़ का बजट पारित
मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारू व्यवस्था के लिए अब दर्शन प्रणाली को आधुनिक रूप दिया जा रहा है. प्रवेश और निकास पर QR कोड आधारित फ्लैप बैरियर्स लगाए जाएंगे, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने और कतारों को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी.इससे भक्तों को कम समय में सहज और सुरक्षित दर्शन का अनुभव मिलेगा.इसके साथ ही मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर अन्नक्षेत्र से जुड़ा विशेष मॉड्यूल शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से श्रद्धालु घर बैठे ऑनलाइन अन्नदान कर सकेंगे और भोजन की अग्रिम बुकिंग भी आसानी से कर पाएंगे. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मंदिर समिति का 29974.37 लाख का प्रस्तावित बजट पारित किया गया।
सिंहस्थ 2028 का भी रखा ध्यान
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के साथ महाकाल मंदिर समिति ने भी कई अहम फैसले लिए हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए 80 नई स्टील दानपेटियां तैयार कराई जाएंगी, जिनमें 50 बड़ी और 30 छोटी होंगी. वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और भीड़ प्रबंधन को बेहतर करने के लिए करीब 1000 बैरिकेड्स पर 259 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे, जबकि मजबूत स्टेनलेस स्टील बैरिकेड्स के लिए 59.14 लाख रुपए मंजूर हुए हैं. इस बैठक में मंदिर कर्मचारियों के वेतन में महंगाई भत्ते के साथ भुगतान की मंजूरी भी दी गई. इसके साथ ही मंदिर और महाकाल महालोक के कंट्रोल रूम को आधुनिक तकनीक से लैस कर एकीकृत और विस्तारित किया जाएगा।
















