प्रयागराज
यूपी में सड़क हादसे के बाद अब यह पता लगाना आसान होगा कि दुर्घटना कैसे हुई और गलती किसकी थी। रशियन कंपनी की आरजी मोबिलिटी की आधुनिक तकनीक से लैस वॉल्वो ई-बसों में विमान की तरह ब्लैक बॉक्स जैसा रिकॉर्डिंग सिस्टम लगाया गया है। बस के आगे शीशे के पास लगा विशेष कैमरा सामने की गतिविधियों को लगातार रिकॉर्ड करेगा। इसकी रिकॉर्डिंग बस के साथ ही कंट्रोल रूम में भी सुरक्षित रहेगी। हादसे के बाद दोनों जगह के बैकअप से दुर्घटना की वजह का पता लगाया जा सकेगा। यह सिस्टम विमानों में लगे ब्लैक बॉक्स की तरह ही काम करता है।
रशिया की कंपनी की ई-बसें यूपी के कई जिलों में चल रही हैं लेकिन वॉल्वो ई-बसें सिर्फ प्रयागराज को ही मिली हैं। इनकी एक और खासियत यह है कि चालक बिना ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट दिए बस स्टार्ट नहीं कर सकेगा। बस चालू करने से पहले चालक को सांस की जांच करानी होगी। जांच में सब कुछ सामान्य मिलने के बाद ही बस का ऑपरेटिंग सिस्टम सक्रिय होगा और बस स्टार्ट हो सकेगी।
सुरक्षा के लिए बस में मुख्य कैमरे के अलावा पांच सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें एक कैमरा चालक की गतिविधियों पर नजर रखेगा। इससे पता चल सकेगा कि चालक वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात तो नहीं कर रहा है। अन्य कैमरों से यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इससे हादसे के बाद हादसे से जुड़ी जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी। किसी हादसे में चालक की गलती होने का पता लगाया जा सकेगा।
आपात स्थिति से निपटने के लिए भी किए गए हैं खास इंतजाम
प्रत्येक सीट की खिड़की के पास एक हथौड़ा रखा गया है, जिससे जरूरत पड़ने पर शीशा तोड़कर बाहर निकला जा सकेगा। बस में चार अग्निशमन यंत्र लगाए गए हैं। चालक की सीट के पास दो विशेष बटन हैं। आग लगने पर इस्तेमाल किया जा सकेगा। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए हर सीट पर दो तरह के बटन होंगे। पहला बटन दबाने पर बस रुकने का संकेत मिलेगा। वहीं, दूसरा एसओएस बटन आपात स्थिति में मदद के लिए होगा। इसे महिला या कोई भी यात्री दबा सकेगा। सूचना कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी।
प्रयागराज परिक्षेत्र, क्षेत्रीय प्रबंधक, रवींद्र सिंह ने कहा कि रशियन कंपनी की ई-वॉल्वो बसें आधुनिक तकनीक से लैस हैं। अभी सिर्फ ये बसें प्रयागराज को मिली हैं। दूसरे चरण में कानपुर को दी जाएंगी। बसों का आरटीओ में पंजीयन हो चुका है। जल्द ही इनका संचालन शुरू होगा।
















