,

भोपाल-इंदौर समेत MP के चार शहरों में गैस कनेक्शन का संकट, 70 हजार मामले लंबित

भोपाल  मध्य प्रदेश में हजारों परिवारों को नया घरेलू गैस कनेक्शन तक नहीं मिल पा रहा है। मार्च 2026 से नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया ठप पड़ी है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में करीब 70 हजार आवेदन लंबित हैं। गैस कंपनियों ने कनेक्शन जारी करने वाले सॉफ्टवेयर से ही 14.2 किलो…

भोपाल-इंदौर समेत MP के चार शहरों में गैस कनेक्शन का संकट, 70 हजार मामले लंबित

भोपाल
 मध्य प्रदेश में हजारों परिवारों को नया घरेलू गैस कनेक्शन तक नहीं मिल पा रहा है। मार्च 2026 से नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया ठप पड़ी है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में करीब 70 हजार आवेदन लंबित हैं। गैस कंपनियों ने कनेक्शन जारी करने वाले सॉफ्टवेयर से ही 14.2 किलो के घरेलू सिलिंडर का विकल्प हटा दिया है।

यानी उपभोक्ता आवेदन लेकर एजेंसी पहुंच रहे हैं, लेकिन व्यवस्था में उनके लिए कनेक्शन देने का रास्ता ही बंद है। इसका सीधा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जो पहली बार एलपीजी कनेक्शन लेना चाहते हैं। पहले करीब चार हजार रुपये में चूल्हा, रेगुलेटर और भरे सिलिंडर सहित घरेलू कनेक्शन मिल जाता था। अब इन परिवारों को छोटे सिलिंडर, कमर्शियल गैस या खुले बाजार के महंगे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

भोपाल-इंदौर में 40 हजार आवेदन अटके, महंगे छोटे सिलिंडर खरीदने की मजबूरी
जानकारी के अनुसार भोपाल में इंडेन, एचपी और भारत गैस की 38 एजेंसियों पर करीब 20 हजार आवेदन लंबित हैं। रोजाना आठ से दस उपभोक्ता एजेंसियों में पहुंचकर कनेक्शन शुरू होने की जानकारी मांग रहे हैं। लेकिन एजेंसी संचालक भी कोई निश्चित तारीख नहीं बता पा रहे हैं।

इंदौर में भी करीब 20 हजार आवेदन अटके हैं। ऐसे में नए घरेलू कनेक्शन के अभाव में पांच किलो के छोटे सिलिंडर की रिफिलिंग के लिए 500 से 700 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं 10 किलो के सिलिंडर का कनेक्शन करीब 4800 रुपये में पड़ रहा है। दूसरी ओर नियमित घरेलू उपभोक्ता 14.2 किलो का सिलिंडर करीब 950 रुपये में ले रहे हैं।

ग्वालियर-जबलपुर में भी हजारों परिवार प्रभावित
ग्वालियर की करीब 40 गैस एजेंसियों पर 15 हजार और जबलपुर में भी करीब 15 हजार नए कनेक्शन के आवेदन लंबित हैं। यहां 30 सितंबर तक ईकेवाईसी पूरी करने वाले उपभोक्ताओं के मौजूदा कनेक्शन चालू हैं, लेकिन नए कनेक्शन की शुरुआत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

छोटे सिलिंडरों का विकल्प भी बेअसर, कीमत ने बिगाड़ा गणित
इंडेन, एचपी और भारत गैस ने जून-जुलाई में पांच और 10 किलो के सिलिंडरों के नए कनेक्शन देने शुरू किए थे। कंपनियों को उम्मीद थी कि इससे घरेलू गैस की मांग का दबाव कम होगा, लेकिन उपभोक्ताओं ने इस व्यवस्था से दूरी बना ली।

पांच किलो के सिलिंडर का नया कनेक्शन 1585 रुपये और 10 किलो का 4700 रुपये में मिल रहा है। इसके मुकाबले पहले 14.2 किलो के सिलिंडर का कनेक्शन 3000 से 3500 रुपये में मिल जाता था। ऐसे में कम गैस के लिए ज्यादा शुरुआती खर्च उपभोक्ताओं को रास नहीं आ रहा।

एजेंसियों के चक्कर, फिर भी खाली हाथ लौट रहे लोग
जिले की गैस एजेंसियों पर रोजाना आठ से 10 उपभोक्ता 14.2 किलो के नए कनेक्शन की उम्मीद में पहुंच रहे हैं। आवेदन करने के बावजूद उन्हें कनेक्शन नहीं मिल रहा। छोटे सिलिंडरों के लिए इक्का-दुक्का उपभोक्ता ही पहुंचते हैं। मार्च से पहले प्रतिदिन 150 से 200 नए कनेक्शन जारी होते थे। गैस की किल्लत के बीच नए कनेक्शन की मांग में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई थी।

बड़े परिवारों पर सबसे ज्यादा मार
पांच से अधिक सदस्यों वाले परिवारों के लिए 14.2 किलो का सिलिंडर एक महीने या उससे कम समय में खत्म हो जाता है। ऐसे परिवार अतिरिक्त कनेक्शन चाहते हैं, लेकिन उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है।

जिन परिवारों में बेटे अलग रहने लगे हैं, उन्हें भी स्वतंत्र गैस कनेक्शन की जरूरत है। नए कनेक्शन नहीं मिलने से इनकी परेशानी बढ़ गई है। पहले 19 दिन में दोबारा बुकिंग की सुविधा थी, जिसे किल्लत के दौरान बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है।

 एक नजर में गैस संकट

स्थिति / विवरण आंकड़ा
भोपाल में कुल एलपीजी उपभोक्ता 5 लाख
घरेलू गैस उपभोक्ता 4.5 लाख
व्यावसायिक उपभोक्ता 50 हजार
लंबित नए कनेक्शन के आवेदन 20 हजार से अधिक
गैस एजेंसियां 46
तीन महीने में छोटे सिलिंडरों के कनेक्शन 1000 से कम
पहले रोजाना जारी कनेक्शन 150-200

कितना महंगा पड़ रहा गैस का विकल्प

 

सिलेंडर कनेक्शन की कीमत (₹) रिफिल कीमत (₹)
14.2 किलो 3000 – 3500 947.50
5 किलो 1585 351
10 किलो 4700 667

14.2 किलोग्राम वाले नये घरेलू गैस सिलिंडरों का कनेक्शन कंपनियों ने बंद कर रखा है। जब तक कंपनियां इसे शुरू नहीं करती, तब तक नये कनेक्शन नहीं दिए जा सकते हैं।हालांकि शहर में किसी तरह का कोई एलपीजी संकट नहीं है, लोग पांच व 10 किलो के सिलिंडरों का कनेक्शन ले सकते हैं।- चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक

 

पीएनजी पर जोर, इसलिए लगी रोक
आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नए कनेक्शन पर रोक लगी हुई है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं है। हालांकि पिछले दिनों हुई बैठकों से पता चला है कि प्रदेशभर में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) का काम तेजी से चल रहा है। जहां आपूर्ति शुरू हो गई है, वहां के उपभोक्ता कनेक्शन सरेंडर भी कर रहे हैं। पीएनजी पर अधिक जोर ही नए कनेक्शन पर रोक का कारण होना बताया जा रहा है।

    घरेलू गैस सिलिंडर के नए कनेक्शन जारी करने का आदेश अभी कंपनियों से नहीं आया है, जबकि 10 किलो वजन वाला सिलिंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। कंपनियों ने मार्च से नए कनेक्शन पर रोक लगाई है, अब अगले आदेश के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। – आरके गुप्ता, अध्यक्ष, एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports