,

देशभर में 150 बाघों की मौत से चिंता बढ़ी, संरक्षण के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल

भोपाल भारत की पहचान दुनिया के प्रमुख बाघ संरक्षण वाले देशों में होती है। मध्य प्रदेश को 'टाइगर स्टेट' का दर्जा मिला है, लेकिन बाघों की मौत के लगातार सामने आ रहे आंकड़े इस पहचान के सामने नई चुनौती खड़ी कर रहे हैं। National Tiger Conservation Authority (NTCA) की अधिकृत वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के…

देशभर में 150 बाघों की मौत से चिंता बढ़ी, संरक्षण के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल

भोपाल
भारत की पहचान दुनिया के प्रमुख बाघ संरक्षण वाले देशों में होती है। मध्य प्रदेश को 'टाइगर स्टेट' का दर्जा मिला है, लेकिन बाघों की मौत के लगातार सामने आ रहे आंकड़े इस पहचान के सामने नई चुनौती खड़ी कर रहे हैं। National Tiger Conservation Authority (NTCA) की अधिकृत वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, 2026 के शुरुआती 11 महीनों में देशभर में 150 बाघों की मौत दर्ज की गई है। इनमें से 51 बाघ अकेले मध्य प्रदेश के हैं। यानी देश में दर्ज कुल मौतों में लगभग एक-तिहाई हिस्सेदारी मध्य प्रदेश की है। साल खत्म होने में अभी वक्त बाकी है, ऐसे में यह आंकड़ा वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभागों और विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा रहा है।

बांधवगढ़ में सबसे भयावह तस्वीर, छह साल में 81 बाघों की मौत
मध्य प्रदेश के भीतर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सामने आए आंकड़े सबसे ज्यादा चिंता पैदा कर रहे हैं। यहां 2026 में अब तक 15 बाघों की मौत हो चुकी है। इनमें पांच शावक भी शामिल हैं। साल 2021 के बाद यह पहला मौका है, जब बांधवगढ़ में एक साल के भीतर मौतों का आंकड़ा 15 तक पहुंचा है। अब एक और बाघ की मौत होती है तो पिछले छह वर्षों का यह रिकॉर्ड टूट जाएगा।

बांधवगढ़ में पिछले छह साल के दौरान कुल 81 बाघों की जान जा चुकी है। बाघों के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास और समृद्ध वन क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले इस रिजर्व में लगातार हो रही मौतें संरक्षण व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करती हैं।

जंगल की सीमा से बाहर भी मंडरा रहा मौत का खतरा
बाघों के लिए खतरा केवल टाइगर रिजर्व के कोर और बफर क्षेत्र तक सीमित नहीं है। इस साल कई घटनाएं रिजर्व की सीमा से बाहर राजस्व और ग्रामीण इलाकों में भी सामने आई हैं। जंगल से बाहर निकलने वाले बाघों के सामने खेतों में लगाए गए बिजली के तार, खुले कुएं और इंसानी गतिविधियां जानलेवा साबित हो रही हैं।

    अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के तारों की चपेट में आने से एक शावक की मौत हुई।
    कुएं में गिरने से भी बाघ की जान जाने का मामला सामने आया।
    पनपथा क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसे बाघ की ट्रेंकुलाइज करने के दौरान मौत हो गई।
    कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (CDV) और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई यानी टेरिटरी फाइट भी बाघों की मौत की वजहों में शामिल रही हैं।

इन घटनाओं से साफ है कि बाघों की सुरक्षा के लिए केवल संरक्षित जंगलों के भीतर निगरानी पर्याप्त नहीं है। जंगल से बाहर उनके आने-जाने वाले क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है।

पांच साल में लगातार बढ़ा मौतों का आंकड़ा
मध्य प्रदेश में बाघों की मौत का आंकड़ा पिछले कुछ वर्षों से लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। साल-दर-साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2022 से 2025 तक मौतों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। 2026 के शुरुआती 11 महीनों में भी यह संख्या 51 तक पहुंच चुकी है।

वर्षमध्य प्रदेश में बाघों की मौत

    2022-43
    2023-45
    2024-46
    2025-55
    2026-(11 महीने)51

साल 2025 में मध्य प्रदेश में 55 बाघों की मौत दर्ज की गई थी। वर्ष 1973 में प्रोजेक्ट टाइगर की शुरुआत के बाद यह राज्य में एक साल के भीतर मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा बताया गया। अब 2026 में 11 महीने के भीतर 51 मौतें दर्ज होना इस चिंता को और बढ़ाता है कि बाघों की सुरक्षा के लिए मौजूदा इंतजाम कितने कारगर हैं।

785 बाघों के साथ देश में पहले नंबर पर MP
वर्ष 2022 की बाघ गणना में मध्य प्रदेश में 785 बाघ दर्ज किए गए थे। इस संख्या के साथ राज्य ने देश में सबसे ज्यादा बाघों वाले प्रदेश के रूप में अपनी पहचान कायम रखी। बाघों की बड़ी आबादी मध्य प्रदेश के लिए गौरव की बात है, लेकिन इसके साथ उनके आवास, भोजन और सुरक्षित विचरण क्षेत्र की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।

हाई कोर्ट की फटकार के बाद भी नहीं थमा मौतों का सिलसिला
बाघों की मौतों को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट भी वन विभाग के प्रति नाराजगी जता चुका है। इसके बावजूद मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। विशेषज्ञों की चिंता है कि बाघों की बढ़ती आबादी के अनुपात में सुरक्षित कॉरिडोर विकसित करने, ग्रामीण इलाकों में गश्त बढ़ाने और जंगलों से बाहर निकलने वाले बाघों की निगरानी पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया तो खतरा और बढ़ सकता है।

बता दें किए, National Tiger Conservation Authority यानी NTCA देश में बाघों की निगरानी और संरक्षण से जुड़ी राष्ट्रीय संस्था है। प्राधिकरण बाघों की मॉनिटरिंग, टाइगर रिजर्व के प्रबंधन और संरक्षण संबंधी दिशा-निर्देशों में अहम भूमिका निभाता है। NTCA की वेबसाइट पर बाघों की मौत से जुड़े आंकड़े भी उपलब्ध कराए जाते हैं।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports