,

आधुनिक तकनीक के साथ चिकित्सकों में मानवीय संवेदना भी जरूरी: राज्यपाल डेका

आधुनिक तकनीक के साथ चिकित्सक का मानवीय स्पर्श भी जरूरी -राज्यपाल  डेका राज्यपाल ने एम्स रायपुर में आईआरआईए छत्तीसगढ़ के 16वें वार्षिक सम्मेलन का किया शुभारंभ रायपुर राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता रोगों के निदान एवं उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन तकनीक चिकित्सक के अनुभव,…

आधुनिक तकनीक के साथ चिकित्सकों में मानवीय संवेदना भी जरूरी: राज्यपाल डेका

आधुनिक तकनीक के साथ चिकित्सक का मानवीय स्पर्श भी जरूरी -राज्यपाल  डेका

राज्यपाल ने एम्स रायपुर में आईआरआईए छत्तीसगढ़ के 16वें वार्षिक सम्मेलन का किया शुभारंभ

रायपुर
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता रोगों के निदान एवं उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन तकनीक चिकित्सक के अनुभव, मानवीय संवेदनशीलता और शारीरिक परीक्षण का विकल्प नहीं हो सकती। चिकित्सा सेवा में तकनीक के साथ मानवीय स्पर्श और रोगी के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी आवश्यक है।

            राज्यपाल डेका ने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईआर आईए), छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के 16वें वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ अवसर पर उक्त बातें कही। इस अवसर पर एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, आइ आर आइ ए के अध्यक्ष डॉ पुष्पराज भटले, छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र के. बूधे सहित वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट, फैकल्टी सदस्य और रेजिडेंट डॉक्टर उपस्थित थे। राज्यपाल ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।

रेडियोलॉजी ने रोगों की पहचान और उपचार को नई दिशा दी

         अपने उद्बोधन में राज्यपाल ने कहा कि एक्स-रे का आविष्कार चिकित्सा विज्ञान में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। रेडियोलॉजी ने रोगों की पहचान और उपचार को नई दिशा दी है। आज यह क्षेत्र एक्स-रे से आगे बढ़कर अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और अन्य अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीकों तक पहुंच चुका है। इन तकनीकों ने चिकित्सा निदान को अधिक प्रभावी बनाया है।

चिकित्सकों को तकनीक का उपयोग विवेक और संवेदन- शीलता के साथ करना चाहिए

        डेका ने कहा कि चिकित्सकों को तकनीक का उपयोग विवेक और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक उपकरण चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इनके पीछे मानव मस्तिष्क, कौशल और अनुभव की भूमिका सर्वोपरि है। चिकित्सकों को तकनीक का उपयोग विवेक और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।

चिकित्सक का रोगी से संवाद, मन में भरोसा पैदा करता है

          राज्यपाल ने रोगियों के शारीरिक परीक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि चिकित्सक का रोगी से संवाद, परीक्षण और संवेदनशील व्यवहार उसके मन में भरोसा पैदा करता है। आधुनिक इमेजिंग तकनीक के साथ चिकित्सकीय अनुभव और सूक्ष्म अवलोकन भी सटीक निदान के लिए जरूरी हैं। उन्होंने प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बिधानचंद्र रॉय का उदाहरण देते हुए चिकित्सकीय अंतर्दृष्टि और अनुभव के महत्व को रेखांकित किया।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता चिकित्सा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने में सहायक

          राज्यपाल ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में इंटरनेट तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकें समय पर चिकित्सा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने में सहायक हो सकती हैं। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में इनका उपयोग जीवनरक्षक साबित हो सकता है।

मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर करें 

        डेका ने डिजिटल लत और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर भी चिंता व्यक्त की। राज्यपाल ने तकनीक के संतुलित उपयोग, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा जरूरत पड़ने पर परामर्श लेने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर बात करना और समय पर सहायता लेना जरूरी है।

चिकित्सा सेवा संवेदनशीलता, विश्वास और सेवा भावना का अभिन्न अंग है
 
         राज्यपाल ने चिकित्सकों से रोगियों के साथ विश्वासपूर्ण संवाद स्थापित करने तथा रोगियों को अपनी समस्याएं खुलकर बताने का अवसर देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि संवेदनशीलता, विश्वास और सेवा भावना भी इसका अभिन्न अंग हैं।

         सम्मेलन के आयोजकों ने राज्यपाल के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
 सम्मेलन में प्रदेशभर के रेडियोलॉजिस्ट रेडियोलॉजी एवं मेडिकल इमेजिंग के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों और प्रगति पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports