,

छिंदवाड़ा की प्रतिभाएं पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

छिंदवाड़ा की प्रतिभाएं पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ‘यशस्वी संवाद’ में नवाचार, खेल, खेती और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों से किया संवाद किसानों, खिलाड़ियों, छात्राओं और महिला उद्यमियों ने सुनायी अपनी सफलता की कहानी छिंदवाड़ा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट में आयोजित ‘यशस्वी…

छिंदवाड़ा की प्रतिभाएं पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

छिंदवाड़ा की प्रतिभाएं पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

‘यशस्वी संवाद’ में नवाचार, खेल, खेती और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों से किया संवाद
किसानों, खिलाड़ियों, छात्राओं और महिला उद्यमियों ने सुनायी अपनी सफलता की कहानी

छिंदवाड़ा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट में आयोजित ‘यशस्वी संवाद’ कार्यक्रम में जिले की प्रेरक प्रतिभाओं से आत्मीय संवाद किया। कृषि, नवाचार, खेल, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण पर्यटन, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभागियों ने अपनी सफलता की कहानियां मुख्यमंत्री के साथ साझा कीं। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाएं मध्यप्रदेश के विकास की वास्तविक शक्ति हैं और समाज के लिए प्रेरणा स्रोत भी हैं।

संवाद के दौरान वाशम शेट्टी ने ब्लूबेरी की खेती के अपने सफल प्रयोग की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में ब्लूबेरी का उत्पादन शुरू किया है। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा की जलवायु इस फसल के लिए अत्यंत अनुकूल है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नर्मदा की कृपा से मध्यप्रदेश की भूमि अत्यंत उपजाऊ है। ब्लूबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों का विस्तार प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी किया जाना चाहिए, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

राजेन्द्र रमेश धारे ने प्राकृतिक खेती के अपने मॉडल की जानकारी देते हुए बताया कि वे विभिन्न किस्मों की हल्दी सहित अनेक फसलों की प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की लागत कम कर उनकी आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

‘नमो ड्रोन दीदी’ लक्ष्मी धागरे ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष लगभग 300 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से फसलों का छिड़काव किया, जिससे उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि शासन से ड्रोन पर सब्सिडी मिली और आजीविका मिशन ने उनके जीवन को नई दिशा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, यह अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।

रूपाली धुर्वे ने चिरौंजी प्रसंस्करण के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि उनके उत्पादों के यूरोप निर्यात के लिए एमओयू किया गया है। उन्होंने बताया कि इस पहल से ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को नई दिशा मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने वाले ऐसे प्रयास प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेंगे।

खेलो इंडिया ट्राइबल यूथ गेम्स-2026 में मध्यप्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाने वाले शिवा भलावी ने बताया कि रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित प्रतियोगिता के 130 किलोग्राम भार वर्ग (ग्रीको-रोमन शैली) में स्वर्ण पदक हासिल किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित कर रहे हैं।

सनोत नागवंशी ने ग्रामीण पर्यटन एवं होम-स्टे मॉडल की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें शासन से सब्सिडी प्राप्त हुई है। वर्तमान में वे दो कमरों का होम-स्टे संचालित कर रहे हैं, जिसे ‘मेक माय ट्रिप’ जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी सूचीबद्ध किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “मैं जरूर आपके होम-स्टे पर आऊंगा।”

मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित सीएनजी प्लांट के संचालक रोहित साहू से भी चर्चा कर परियोजना की कार्यप्रणाली, नवाचार और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली तथा उनके प्रयासों की सराहना की।

संवाद के दौरान मेधावी छात्रा आभा शर्मा ने बताया कि उन्होंने कक्षा 10वीं की परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता मजदूरी करते हैं और उनका लक्ष्य चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनना है। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा, “बेटी, निश्चिंत होकर पढ़ाई करो। सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ खड़ी है। पूरी लगन और मेहनत से अपने सपनों को साकार करो।”

जिले की मेधावी छात्राओं अक्षरा ओकते एवं दीपाली सोनी से भी संवाद कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। प्राकृतिक खेती को अपनाकर सफल मॉडल प्रस्तुत करने वाले किसान पूरनलाल इवनाती से भी संवाद किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा की ये प्रेरक प्रतिभाएं अपने परिश्रम, नवाचार और संकल्प से पूरे प्रदेश के लिए मिसाल बन रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उन्हें उचित मंच प्रदान करना तथा नवाचार, उद्यमिता, खेल और आत्मनिर्भरता की संस्कृति को मजबूत करना है। ‘यशस्वी संवाद’ के माध्यम से मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, सचिव सुदाम खाड़े, संभागायुक्त धनंजय सिंह, कलेक्टर हरेंद्र नारायण सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports