,

पंजाब की सियासत में BJP का नया दांव, मनप्रीत बादल की छवि बनाम संदीप पाठक की रणनीति

चंडीगढ़. भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सोमवार को हुई घोषणा में पार्टी नेतृत्व की पंजाब को लेकर गंभीरता भी नजर आई है। पंजाब से राष्ट्रीय टीम में न सिर्फ सीनियर भाजपा नेता तरुण चुग को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की बड़ी व अहम जिम्मेदारी दी गई है, बल्कि पंजाब से ही मनप्रीत सिंह बादल सरीखे नेता…

पंजाब की सियासत में BJP का नया दांव, मनप्रीत बादल की छवि बनाम संदीप पाठक की रणनीति

चंडीगढ़.

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सोमवार को हुई घोषणा में पार्टी नेतृत्व की पंजाब को लेकर गंभीरता भी नजर आई है। पंजाब से राष्ट्रीय टीम में न सिर्फ सीनियर भाजपा नेता तरुण चुग को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की बड़ी व अहम जिम्मेदारी दी गई है, बल्कि पंजाब से ही मनप्रीत सिंह बादल सरीखे नेता को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

पंजाब से दो लोगों को अहम स्थान देकर भाजपा ने पंजाब के आगामी चुनावों के प्रति भी अपनी गंभीरता जाहिर कर दी है। साथ ही पंजाब से ही आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य रहे व भाजपा में शामिल हुए डा संदीप पाठक को भी कार्यकारिणी में शामिल किया जाना भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।

मनप्रीत के सहारे जट्ट सिख व किसानी को साधने का प्रयास
मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाना इसलिए भी अहम है क्योंकि भाजपा पंजाब में मजबूत जट्ट सिख चेहरे की कमी को दूर करना चाह रही है। मनप्रीत सिंह बादल अपनी बेदाग और गंभीर राजनेता की छवि के साथ भाजपा के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं। लंबे समय तक पंजाब के वित्तमंत्री रहे मनप्रीत न सिर्फ शहरी मतदाताओं में भाजपा के अच्छे संदेशवाहक साबित हो सकते हैं, बल्कि खुद किसानी से जुड़े होने और बादल परिवार की पृष्ठभूमि के कारण किसानों के साथ संवाद के लिए भी अहम कड़ी के रूप में काम करने में सक्षम साबित हो सकते हैं। भाजपा द्वारा मनप्रीत सिंह बादल की नियुक्ति पंजाब के सबसे मजबूत राजनीतिक परिवारों में शामिल बादल परिवार की लेगेसी को भी भुनाने का प्रयास कहा जा रहा है। हालांकि भाजपा को पंजाब के सरकारी मुलाजिम वर्ग में मनप्रीत सिंह बादल की खजाना खाली वाले वित्तमंत्री के तौर पर बनी छवि का नुकसान भी झेलना पड़ सकता है।

जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से जुड़े हैं तरुण चुग
करीब एक दशक से राष्ट्रीय कार्यकारिणी का हिस्सा रहे तरुण चुग को इस बार राष्ट्रीय कार्यालय का प्रभारी बनाया जाना काफी अहम माना जा रहा है। कुछ ही समय पहले चुग को राज्यसभा सदस्य के तौर पर सदन में भेजा गया है और अब नई टीम में भी जिम्मेवारी बढ़ा दी गई है। पंजाब में भाजपा के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ भी जुड़ाव रखने वाले तरुण चुग भी भाजपा की आगामी चुनावों की रणनीति को जमीनी स्तर पर लागू करवाने में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर तरुण चुग की बढ़ती भूमिका से पंजाब के कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा और संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

संदीप पाठक की रणनीति
आम आदमी पार्टी से भाजपा में गए पंजाब से राज्यसभा सदस्य डा. संदीप पाठक को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया जाना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। ध्यान रहे कि पंजाब में आम आदमी पार्टी का संगठन खड़ा करने से लेकर प्रत्याशियों के चयन तक में संदीप पाठक की भूमिका रही थी। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पंजाब में उनकी रणनीति का लाभ उठाने का प्रयास करेगी।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports