,

हर बूथ की करें समीक्षा, एक-एक परिवार की मैपिंग रखें, प्रभावी टीम बनाकर पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी करें तय

समाज को जातियों में बांटने वालों से रहें सावधान, बूथ पर रहें तैयार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ   मेरठ में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी ने किया संबोधित, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रहे मौजूद   हर बूथ की करें समीक्षा, एक-एक परिवार की मैपिंग रखें,…

हर बूथ की करें समीक्षा, एक-एक परिवार की मैपिंग रखें, प्रभावी टीम बनाकर पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी करें तय

समाज को जातियों में बांटने वालों से रहें सावधान, बूथ पर रहें तैयार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
 
मेरठ में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी ने किया संबोधित, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रहे मौजूद
 
हर बूथ की करें समीक्षा, एक-एक परिवार की मैपिंग रखें, प्रभावी टीम बनाकर पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी करें तय
 
बोले- पहले यूपी की पहचान थी ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’, आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’
 
कहा- जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने की फिर होगी कोशिश, महापुरुष किसी जाति के नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के
 
सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमला, बोले- इन्होंने परिवारवाद और जातिवाद की बीमारी दी, भाजपा के लिए व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर देश
 
कहा- साढ़े नौ लाख युवाओं को दी सरकारी नौकरी, परंपरागत उद्यमों से 3.25 करोड़ नौजवानों को मिला रोजगार
 
मेरठ से गिनाईं पश्चिमी यूपी की उपलब्धियां, एक्सप्रेसवे, नमो भारत, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का किया जिक्र
 
मेरठ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने वाली ताकतें फिर सक्रिय होंगी। शक्ति केंद्र संयोजक हर बूथ की समीक्षा करें, प्रभावी टीम बनाएं, पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय करें और एक-एक परिवार की मैपिंग अपने पास रखें। एक-एक घर की स्क्रीनिंग कर लोगों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी तय हो।
 
सुभारती विश्वविद्यालय के जनरल मोहन सिंह प्लेग्राउंड में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर परिवारवाद और जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों ने सत्ता को परिवार और अपने हित साधने का माध्यम बनाया। भाजपा का मंत्र है कि व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर राष्ट्र है। कार्यकर्ता यह न सोचे कि उसे क्या मिला, बल्कि यह सोचे कि वह देश के लिए क्या कर रहा है।
 
महापुरुष किसी एक जाति के नहीं
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नकारात्मक ताकतें समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने की कोशिश करेंगी। महापुरुषों को भी जातियों में बांटने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि महापुरुष सबके होते हैं। कोतवाल धन सिंह गुर्जर स्वाधीनता आंदोलन के नायक हैं। महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह राष्ट्रनायक हैं। दुर्गा भाभी ने क्रांतिकारियों का उत्साह बढ़ाया, इसलिए वह भी पूरे समाज की आदर्श हैं।
 
उन्होंने कहा कि सरकार ने मेरठ में कोतवाल धन सिंह गुर्जर का भव्य स्मारक बनाया है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े स्थानों, मंदिरों और मूर्तियों के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने बाबा साहब के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम बदल दिया था और सीर गोवर्धन में संत रविदास की जन्मभूमि पर आयोजन नहीं होने दिया।
 
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ से बदली पहचान
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य माना जाता था, जबकि आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में है। पहले प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ से होती थी। आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ नई पहचान बन रहे हैं।
 
उन्होंने मेरठ की रेवड़ी, हापुड़ के पापड़ और मुजफ्फरनगर के गुड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों और खान-पान को वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है। पहले कट्टा और बम से प्रदेश की पहचान बनाई जाती थी। अब कोई कट्टा और बंदूक की राजनीति नहीं कर सकता।
 
साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। परंपरागत उद्यमों को पुनर्जीवित करने से 3.25 करोड़ नौजवान रोजगार से जुड़े हैं। दंगाइयों की कमर तोड़ी गई और प्रदेश दंगा व कर्फ्यू मुक्त हुआ। इससे निवेश और रोजगार का रास्ता खुला।
 
उन्होंने कहा कि पहले बेटी और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। महीनों कर्फ्यू रहता था, व्यापार प्रभावित होता था और युवाओं की नौकरियों पर डकैती पड़ती थी। कार्यकर्ताओं के परिश्रम से उत्तर प्रदेश को उसकी पहचान वापस मिली है।
 
नमो भारत से स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी तक
मुख्यमंत्री योगी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ के बीच नमो भारत ट्रेन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद के नाम पर प्रदेश का पहला स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय मेरठ में बन रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तैयार है। फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और सेमीकंडक्टर यूनिट भी विकसित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं के 60 फीसदी कंपोनेंट उत्तर प्रदेश में बन रहे हैं और देश में बनने वाले 55 फीसदी मोबाइल फोन का उत्पादन भी प्रदेश में हो रहा है।
 
राम मंदिर से काशी विश्वनाथ धाम तक
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नया भारत अपनी विरासत पर गर्व करता है। अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बना है और काशी विश्वनाथ धाम का नया स्वरूप सामने आया है। मथुरा-वृंदावन को सजाया-संवारा जा रहा है। शुकतीर्थ के पुनरुद्धार की कार्ययोजना बनाई गई है और विदुर कुटी के लिए धनराशि आवंटित की गई है।
 
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर कांवड़ यात्रा रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब कोई कांवड़ यात्रा नहीं रोक सकता। वह स्वयं इसमें शामिल होते हैं और पुष्पवर्षा करते हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को भी कोई नहीं रोक सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता आने वाली पीढ़ियों से कह सकेंगे कि उनके समय में राम मंदिर बना, काशी विश्वनाथ धाम मिला, एक्सप्रेसवे बना और नमो भारत चली। उन्होंने कहा, “मुझे पहचान मिली है, मुझे मेरे राम मिले हैं, मुझे मेरे कृष्ण मिले हैं और मुझे भोले शंकर मिले हैं।”
 
हर परिवार की मैपिंग रखें
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि शक्ति केंद्र संगठन की ताकत हैं। हर शक्ति केंद्र के प्रत्येक बूथ की समीक्षा हो। बूथ की प्रभावी टीम बने और पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय हो। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने प्रत्येक नागरिक को वोट की ताकत दी है। इसलिए एक-एक परिवार की मैपिंग और सर्वे कार्यकर्ताओं के पास होना चाहिए।
 
उन्होंने शक्ति केंद्र, बूथ संयोजक, प्रभारी और पन्ना प्रमुखों का शत-प्रतिशत गठन सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को भाजपा की यात्रा का सारथी बताते हुए कहा कि इतिहास ने शकुनि और मंथरा को सम्मान नहीं दिया, लेकिन भगवान कृष्ण जैसे सारथी को सम्मान दिया। कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव से देश, समाज और अपने क्षेत्र के लिए काम करें।
 
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. भोला सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम क्षेत्र प्रभारी राम प्रताप सिंह, पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष नवाब सिंह नागर समेत राष्ट्रीय, प्रदेश और क्षेत्र के पदाधिकारी तथा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक मौजूद रहे।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports