,

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों में उमड़ा आस्था का सैलाब, दीपदान और पूजा-अर्चना जारी

पटना  कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार की अहले सुबह से ही शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दी है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग का शुभ संयोग बना हुआ है। स्नान के बाद श्रद्धालु सूर्य को अर्घ्य देने…

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों में उमड़ा आस्था का सैलाब, दीपदान और पूजा-अर्चना जारी

पटना
 कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार की अहले सुबह से ही शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दी है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग का शुभ संयोग बना हुआ है।

स्नान के बाद श्रद्धालु सूर्य को अर्घ्य देने के साथ भगवान विष्णु और शिव की आराधना में लीन हैं। आज पूरे दिन गंगा स्नान के साथ-साथ घरों से लेकर मठ-मंदिरों व घाटों पर दीपदान किया जाएगा। पूर्णिमा तिथि रात्रि नौ बजकर 22 मिनट तक रहेगी।

इस पावन अवसर पर श्रद्धालु घरों में सत्यनारायण की कथा, गीता पाठ और विष्णु सहस्रनाम का पाठ कर रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आज के दिन दान-पुण्य और दीपदान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।

पंडित राकेश झा ने धार्मिक ग्रंथों के हवाले से बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान शिव ने तारकासुर के तीन पुत्रों—तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली का एक ही बाण से संहार किया था। इस विजय के कारण भगवान शिव त्रिपुरारी कहलाए और देवताओं ने इस अवसर पर दीपोत्सव मनाया था।

इसी परंपरा से कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाने की मान्यता प्रचलित हुई। वैष्णव परंपरा में कार्तिक मास को दामोदर मास कहा जाता है, जिसमें राधा-दामोदर पूजन, दामोदराष्टक पाठ, तुलसी सेवा, हरिनाम संकीर्तन और दीपदान का विशेष महत्व है।

आस्था, विज्ञान और लोक संस्कृति का संगम:
कार्तिक पूर्णिमा महज धार्मिक अनुष्ठान का पर्व नहीं, बल्कि नदी संस्कृति, लोक आस्था, वैज्ञानिक चेतना और सामाजिक समरसता की जीवंत परंपरा है। आज गंगा से लेकर गंडक, कोसी, कमला और बागमती के घाटों तक आस्था के दीप जलने के साथ मिथिला के लोक पर्व सामा-चकेवा का भी समापन हो रहा है।

पंडित राघवनाथ झा ने बताया कि मिथिला की लोक संस्कृति में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष स्थान है। सामा, चकेवा और अन्य लोक प्रतिमाओं के माध्यम से बहनें लोक गीत गाकर भाइयों की मंगलकामना करती हैं। कई दिनों से चल रहे इस पर्व का आज सामा की विदाई के साथ समापन हो जाएगा।

यह परंपरा केवल भाई-बहन के स्नेह तक सीमित नहीं, बल्कि स्त्री प्रधान लोक संस्कृति, पारिवारिक आत्मीयता और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक स्मृतियों की भी अभिव्यक्ति है।

धार्मिक महत्त्व के साथ कार्तिक पूर्णिमा को वैज्ञानिक दृष्टि से भी समझा जा सकता है। पूर्णिमा के दिन सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा लगभग एक सीध में होते हैं। चंद्रमा सूर्य के प्रकाश को परावर्तित करता है और इस दौरान सूर्य व चंद्रमा के संयुक्त गुरुत्वाकर्षण प्रभाव से समुद्र में ज्वार-भाटा सामान्य से अधिक होता है।

वहीं, मानसून के बाद यह ऋतु परिवर्तन का काल भी माना जाता है। नदी के प्रति आस्था के साथ उसकी स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प भी इस पर्व का अभिन्न हिस्सा है।

पूर्णिमा पर पूजन मुहूर्त:
    पूर्णिमा तिथि : रात्रि 9:22 बजे तक
    चर-लाभ-अमृत मुहूर्त : सुबह 8:55 से दोपहर 12:56 बजे तक
    अभिजित मुहूर्त : सुबह 11:15 से 11:57 बजे तक
    शुभ मुहूर्त : दोपहर 2:17 से 3:37 बजे तक

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports